छत्तीसगढ़ पर्यटन और साहित्य को मिलेगा नया नेतृत्व, नीलू शर्मा और शशांक शर्मा ने संभाला पदभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन और साहित्य क्षेत्र को नया नेतृत्व मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष नीलू शर्मा और छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि सरगुजा से बस्तर तक राज्य में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। नक्सलवाद के समाप्ति की ओर बढ़ते हालातों के बीच अबूझमाड़ जैसे क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों युवा नेतृत्व राज्य को पर्यटन और साहित्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जैव विविधता और ऐतिहासिक धरोहरें अद्वितीय हैं, लेकिन आज तक काफी हद तक अनछुई रहीं हैं। बस्तर निकट भविष्य में देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से यह क्षेत्र और अधिक गति से विकसित होगा। उन्होंने दोनों नए अध्यक्षों को ऊर्जावान और योग्य बताते हुए विश्वास जताया कि उनके कार्यकाल में उल्लेखनीय प्रगति होगी।

नीलू शर्मा ने कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपकर राज्य के पर्यटन विकास में योगदान देने का अवसर मिला है। वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी पर्यटन से जोड़ने के लिए प्रयासरत रहेंगे। वहीं, शशांक शर्मा ने साहित्य को विकास की धारा बताते हुए साहित्यकारों के संरक्षण और संवर्धन का भरोसा दिलाया।

समारोह में उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधायक, सांसद, संस्कृति विभाग के अधिकारी, और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786