झारखंड के सरकारी स्कूलों में बच्चे सीखेंगे बुनाई और बढ़ईगिरी, बैगलेस डे पर कारीगर देंगे ट्रेनिंग

मेदिनीनगर (पलामू)
सरकारी स्कूलों में अब बच्चे किताबी ज्ञान के साथ बुनाई, बढ़ईगिरी और पारंपरिक शिल्पकारी का हुनर भी सीखेंगे। इसके लिए स्थानीय बुनकर, बढ़ई, चित्रकार और नृत्य प्रशिक्षकों को समुदाय शिक्षक के रूप में विद्यालयों से जोड़ा जा रहा है।

ये कारीगर बैगलेस डे पर विद्यार्थियों को पारंपरिक कला और कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य बच्चों को स्थानीय संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ उनमें हुनर आधारित शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना है।

इंडियन नॉलेज सिस्टम (आईकेएस) के तहत शुरू की गई इस पहल में झारखंड की पारंपरिक सोहराय पेंटिंग, बांस शिल्प और मिट्टी के बर्तन बनाने जैसी कलाओं को स्कूली शिक्षा का हिस्सा बनाया जा रहा है। बैगलेस डे पर बच्चे नियमित पढ़ाई से अलग रचनात्मक और अनुभव आधारित गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इससे उन्हें स्थानीय कला और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

शिल्प के जरिए समझेंगे विज्ञान और गणित
इस शिक्षण पद्धति की खासियत यह है कि पारंपरिक कला और स्थानीय शिल्प को विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों से भी जोड़ा जा रहा है। कारीगरी के उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इससे कठिन अवधारणाओं को समझना आसान होगा। साथ ही स्थानीय कारीगरों के अनुभव और पारंपरिक हुनर को भी पहचान और सम्मान मिलेगा।

इको-क्लब से सीखेंगे पर्यावरण संरक्षण का पाठ
विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की समझ विकसित करने के लिए विद्यालयों के इको-क्लब को भी सक्रिय किया गया है। इसके माध्यम से बच्चों को प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल, संसाधनों के सदुपयोग और शून्य अपशिष्ट (जीरो वेस्ट) की अवधारणा से अवगत कराया जाएगा। बच्चों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विद्यालयों में किताबी ज्ञान के साथ स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक हुनर से बच्चों को जोड़ना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। बैगलेस डे पर स्थानीय कारीगरों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे बच्चों में रचनात्मकता, कौशल विकास और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी।- अंबुजा पांडेय, एडीपीओ, समग्र शिक्षा परियोजना, पलामू।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786