चंडीगढ़ के IRS अमित सिंघल से बरामद करोड़ों की ज्वेलरी की जांच करेगी मुंबई CBI

चंडीगढ़.

आईआरएस अधिकारी अमित कुमार सिंघल से बरामद करोड़ों रुपये की ज्वेलरी और सोने-चांदी की अब मुंबई सीबीआई भी जांच करेगी। मुंबई सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने चंडीगढ़ में सीबीआई के मालखाने में रखे आभूषणों का निरीक्षण करने के लिए विशेष सीबीआई अदालत से अनुमति मांगी थी।

अदालत ने जांच अधिकारी को ज्वेलरी की जांच करने के साथ-साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की भी अनुमति दे दी है। मुंबई सीबीआई एसीबी के डीएसपी सुधीर ढांडा ने अदालत में अर्जी दाखिल कर कहा कि अमित कुमार सिंघल और उनकी पत्नी अनुपमा सिंघल के खिलाफ मुंबई में भी आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज हुआ है। उस केस की जांच के लिए इन गहनों का निरीक्षण करना जरूरी है। ये उस केस की जांच के लिए अहम सबूत साबित हो सकते हैं। यह आभूषण सीबीआई चंडीगढ़ की एंटी करप्शन ब्यूरो ने 31 मई 2025 को तलाशी अभियान के दौरान जब्त किए थे। तब सीबीआई ने उन्हें एक बड़े कारोबारी से 25 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था, हालांकि तीन माह बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। करीब एक साल बाद मुंबई सीबीआई ने भी 27 अप्रैल 2026 को अमित कुमार सिंघल और उनकी पत्नी अनुपमा सिंघल के खिलाफ अलग एफआईआर दर्ज की थी।

बिजनेस विवाद से शुरू हुआ था मामला
सीबीआई चंडीगढ़ को कोपनहेगन हास्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक और ‘ला पिनो पिज्जा’ फ्रेंचाइजी के मालिक सनम कपूर ने शिकायत दी थी। कपूर के अनुसार, सिंघल ने मुंबई में उनके साथ एक फ्रेंचाइजी शुरू की थी। उस समय सिंघल मुंबई कस्टम विभाग में जाइंट कमिश्नर के पद पर तैनात थे और उन्होंने यह बिजनेस अपनी मां व हर्ष कोटक के नाम पर शुरू किया था। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि सिंघल ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कपूर को ब्लैकमेल किया और उन्हें आयकर विभाग का नोटिस भेजा गया। सिंघल ने फिर नोटिस रद करवाने के बदले उनसे 25 लाख रुपये रिश्वत मांगी। हालांकि कपूर ने इस बारे में सीबीआई को शिकायत दी थी।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786