बिहार में बुलेट ट्रेन का रास्ता होगा आसान, ग्रैंड कॉरिडोर से जुड़ेगा रूट

नवगछिया

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवगछिया रेलवे स्टेशन के विकास कार्य में भले ही विलंब हो रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में इसकी तस्वीर पूरी तरह बदलने की संभावना है। 

बरौनी-कटिहार रेलखंड पर नवगछिया के आसपास दो नई रेल लाइनों के निर्माण की तैयारी है। इन लाइनों को ग्रैंड रेल कॉरिडोर योजना से जोड़ने की संभावना जताई जा रही है। इससे बनारस, पटना और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के परिचालन की राह भी आसान हो जाएगी। 

रेलवे की इन योजनाओं से नवगछिया पूर्वी बिहार के महत्वपूर्ण रेल केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। इसके अलावा कटरिया से बाबा बटेश्वर स्थान के बीच गंगा नदी पर प्रस्तावित रेल-सह-सड़क पुल से बनने वाली नई रेल लाइन को भी नवगछिया स्टेशन से जोड़ने की योजना है। इससे गंगा और कोसी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

ओडिशा, बेंगलुरु, हैदराबाद सहित प्रमुख शहरों के लिए ट्रेन सुविधा जल्द

सोनपुर मंडल के डीआरएम अमित सरन के अनुसार, नवगछिया स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां से झारखंड, बंगाल, ओडिशा, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित देश के प्रमुख शहरों के लिए रेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारी की जा रही है। 

नई रेल लाइनों की प्रस्तावित योजना का असर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य पर भी पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में बन रहा भवन अभी अधूरा है। 

भविष्य की परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए भवन और अन्य संरचनाओं की रूपरेखा में बदलाव किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर भवन को दूसरी जगह स्थानांतरित कर नए सिरे से निर्माण कराने की भी संभावना है।
अभी राजधानी, वंदे भारत सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का होता है ठहराव

फिलहाल नवगछिया स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस और वंदे भारत सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होता है। स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश राणा ने बताया कि स्टेशन का चयन पहले ही अमृत भारत योजना में किया जा चुका है। भविष्य की रेल परियोजनाओं और तकनीकी बदलावों के कारण विकास कार्य प्रभावित हुआ है। 

वहीं, व्यवसायी विकास कुमार ने कहा कि नई रेल सुविधाएं विकसित होने से रेलवे की आमदनी बढ़ेगी और कोसी-गंगा दियारा क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। रेल अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित नई रेल लाइनों का सर्वे कराया जा चुका है। आगे की रूपरेखा तैयार होने के बाद नवगछिया स्टेशन के विस्तार और विकास की दिशा में काम बढ़ने की उम्मीद है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786