छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में 1.06 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव, लगभग 29 हजार रोजगार के अवसर होंगे सृजित

रायपुर

 मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज रायपुर में छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय का आयोजन किया गया। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से लगभग 150 उद्योगपतियों ने भाग लिया। यह आयोजन प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के उद्योग जगत की सबसे बड़ी सहभागिताओं में से एक रहा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ को 1 लाख 6 हजार 567.8 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

कार्यक्रम में कुल 21 औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के लिए लगभग 29 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश का बढ़ता आकर्षण

इस इंडस्ट्री डायलॉग की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेशकों की विशेष रुचि रही। कुल 21 परियोजनाओं में से 12 परियोजनाएं अर्थात लगभग 57 प्रतिशत परियोजनाएं इन क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं में 10,073.03 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 8 हजार रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह कार्यक्रम के माध्यम से सृजित होने वाले कुल संभावित रोजगार का लगभग 27 प्रतिशत है।

ये क्षेत्र रोजगार सृजन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन क्षेत्रों में प्रति करोड़ रुपए के निवेश पर अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की तुलना में तीन गुने से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

इंडस्ट्री डायलॉग के परिणाम दर्शाते हैं कि छत्तीसगढ़ में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को लगातार गति मिल रही है। खनिज, इस्पात और ऊर्जा जैसे परंपरागत क्षेत्रों में प्रदेश की मजबूत औद्योगिक पहचान रही है। अब इनके साथ ही रोजगार की व्यापक संभावनाओं वाले नए क्षेत्रों में भी निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ रही है। इंडस्ट्री डायलॉग के प्रत्येक आयोजन से निवेशकों का विश्वास और मजबूत हुआ है। तीसरे अध्याय की सफलता ने यह स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करने वाले उद्योगों के लिए एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है।

उद्योग स्थापना से उत्पादन तक हर स्तर पर सरकार देगी सहयोग : मुख्यमंत्री  साय

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश में उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित करने के लिए सबसे सुविधाजनक राज्यों में शामिल हो रहा है। विशेष रूप से नए और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में निवेशकों द्वारा दिखाया गया विश्वास प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए त्वरित निर्णय, पारदर्शी प्रक्रियाओं तथा हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों को आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने से लेकर औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रारंभ होने तक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में केएलजे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज, आरडीबी ग्रुप, लिबर्टी शूज, प्रासिल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और ऑगमेंट न्यूट्रिएंट्स सहित अनेक प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री  साय और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद कर प्रदेश में उपलब्ध निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

नई औद्योगिक नीति से निवेशकों को मिल रहा अनुकूल वातावरण

छत्तीसगढ़ में निवेशकों का बढ़ता विश्वास राज्य सरकार की सरल, पारदर्शी और उद्योग अनुकूल नीतियों का परिणाम है। प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से 'वन क्लिक' सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इससे निवेशकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और अनुमतियां निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने की सुविधा मिलती है।

राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 निवेशकों को स्पष्ट और स्थिर नीतिगत वातावरण प्रदान करती है। इसमें फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे रोजगार सृजन की अधिक संभावनाओं वाले उभरते क्षेत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।

प्रदेश में उद्योगों के लिए तैयार औद्योगिक भूमि, पर्याप्त बिजली और पानी की उपलब्धता तथा सड़क, रेल और हवाई मार्गों की बेहतर कनेक्टिविटी निवेश प्रस्तावों को शीघ्र वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में बदलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां प्रदान करती हैं।

प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचेगा औद्योगिक निवेश और रोजगार का लाभ

राज्य की नई औद्योगिक नीति में आकांक्षी क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन की व्यवस्था भी की गई है। इसका उद्देश्य औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसरों को केवल राजधानी क्षेत्र तक सीमित न रखते हुए प्रदेश के सभी अंचलों तक पहुंचाना है।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में आने वाला प्रत्येक निवेश शीघ्र धरातल पर उतरे और प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित करे। औद्योगिक विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786