IAS जागृति अवस्थी ने भोपाल के सरकारी अस्पताल में दिया बेटे को जन्म, परिवार में खुशी की लहर

भोपाल
 देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा में कार्यरत एक बड़े अधिकारी का सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली पर भरोसा जताना इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यूपीएससी 2020 की महिला वर्ग की टॉपर और ऑल इंडिया सेकेंड रैंक हासिल करने वाली IAS जागृति अवस्थी ने सोनभद्र जिले के सरकारी अस्पताल के MCH विंग में बेटे को जन्म दिया। खुद प्रशासनिक सेवा के शीर्ष पर होने और उनके पति गौरव पांडेय के IPS अधिकारी होने के बावजूद इस तरह का निर्णय लेना यह साबित करता है कि सरकारी चिकित्सा सुविधाओं में सुधार और आम जनता के बीच इसके प्रति विश्वास कितना मजबूत हो रहा है।

मध्य प्रदेश से खास नाता
यह खबर मध्य प्रदेश और खासकर भोपाल के लिए बेहद खास है, क्योंकि जागृति अवस्थी मूल रूप से भोपाल की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती और उच्च शिक्षा यहीं से पूरी की है। उनके पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के 2022 बैच के IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में सतना जिले में एडिशनल एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दोनों की शादी साल 2025 में हुई थी। सोनभद्र में इस खुशखबरी के बाद जिले के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी IFS आरुषि मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर नवजात को आशीर्वाद दिया और परिवार को बधाई दी।

लीक से हटकर करती हैं काम
IAS जागृति अवस्थी अपनी कार्यशैली के लिए पहले भी सुर्खियों में रही हैं। सोनभद्र में मुख्य विकास अधिकारी का पद संभालने के बाद से ही वे प्रशासनिक दायरों से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर काम करती आई हैं। एक बार वे ट्रैक्टर पर सवार होकर जिले के ऐसे सुदूर और दुर्गम गांवों में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंच गई थीं, जहां प्रशासनिक अमले का पहुंचना तो दूर, किसी द्वितीय श्रेणी के कर्मचारी का जाना भी दुर्लभ माना जाता था। वे समाज सेविका सुधा मूर्ति और भक्ति शर्मा को अपना आदर्श मानती हैं और समाज सेवा की भावना के साथ काम करती हैं।

नौकरी छोड़कर सिविल सेवा का कठिन सफर
सफलता के इस मुकाम तक पहुंचना जागृति के लिए आसान नहीं था। उनके पिता सुरेश चंद्र अवस्थी होम्योपैथी के प्रोफेसर हैं और मां मधुलता अवस्थी पीटी टीचर रह चुकी हैं। उनके भाई सुयश अवस्थी एमबीबीएस के बाद एमडी की तैयारी कर रहे हैं। जागृति को आईएएस बनाने के लिए उनकी मां ने अपनी शिक्षिका की नौकरी तक छोड़ दी थी और पूरे परिवार ने करीब 4 साल तक घर में टीवी तक नहीं देखा था।

दूसरी बार में टॉप किया UPSC
उन्होंने भोपाल के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद गेट परीक्षा में 51वीं रैंक हासिल की। उन्हें भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड समेत 7 बड़ी कंपनियों से ऑफिसर रैंक की नौकरियां मिली थीं। उन्होंने दो साल तक बीएचएल में काम भी किया, लेकिन समाज सेवा की ललक ने उन्हें प्रशासनिक सेवा की ओर खींच लिया। साल 2019 के अपने पहले प्रयास में वे प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाई थीं, लेकिन साल 2020 में दूसरे प्रयास में समाजशास्त्र विषय के साथ उन्होंने पूरे देश में दूसरी रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786