गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग, 15 नवंबर से हरियाणा में किसान आंदोलन का ऐलान

यमुनानगर
 गन्ने के रेट में बढ़ोतरी की मांग के लिए भाकियू (चढ़ूनी ग्रुप) ने प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान किया है। किसानों ने कहा है कि रेट बढ़ाए जाने तक शुगर मिलों में गन्ने की पेराई शुरू नहीं होने दी जाएगी। आंदोलन की शुरुआत 15 नवंबर को यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल से होगी।

किसान इस दिन मिल के मुख्य गेट पर धरना देकर 17 नवंबर से शुरू हो रहे पेराई सीजन का विरोध करेंगे। प्रदेश की अन्य शुगर मिलों में पेराई सीजन शुरू होने की तारीख घोषित होते ही भाकियू संबंधित मिल के गेट पर धरने का ऐलान करेगी। हर मिल में पेराई शुरू होने से दो दिन पहले किसान धरने पर बैठेंगे।

हरियाणा में 11 सहकारी और तीन निजी शुगर मिल
प्रदेश में 11 सहकारी और तीन निजी शुगर मिल हैं। गन्ने के रकबे के मामले में यमुनानगर जिला प्रदेश में सबसे आगे है। जिले में करीब 62 हजार एकड़ में गन्ने की खेती होती है। शुक्रवार को सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में भाकियू की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह मथाना की अध्यक्षता में हुई।

इसमें प्रदेशभर के शुगर मिल क्षेत्रों से किसानों ने भाग लिया। जिलाध्यक्ष संजू गूंदियाना ने कहा कि सरकार ने मौजूदा सीजन के लिए गन्ने के रेट में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर इसे 430 रुपये किया है, जो किसानों के लिए नाकाफी है। किसान कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव चाहते हैं। हर साल गन्ने की फसल की लागत बढ़ रही है।

खाद, बीज, दवाइयों और खेती से जुड़े अन्य खर्चों में लगातार इजाफा हो रहा है। किसानों की मांग है कि सरकार घोषित रेट पर दोबारा विचार करे और गन्ने का भाव कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल तय करे।

गन्ना संघर्ष समिति के ये नेता रहे शामिल
बैठक में गन्ना संघर्ष समिति के अध्यक्ष रामपाल चहल, नारायणगढ़ से विनोद राणा, अंबाला से मलकीत सिंह और कुलदीप सिंह, शाहबाद से पवन बैंस, शिव कुमार संधाला और सतपाल कौशिक, महासचिव गुरवीर सिंह, डायरेक्टर मनदीप रोडछप्पर, युवा जिलाध्यक्ष संदीप टोपरा तथा दामला जोन प्रधान गुरमीत सिंह लाली सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786