चंडीगढ़ में बैंक को बम से उड़ाने की धमकी, मोहाली एयरपोर्ट और दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट भी निशाने पर

 चंडीगढ़
 स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और अदालतों के बाद अब चंडीगढ़ के बैंक भी बम धमाकों की धमकी देने वालों के निशाने पर आ गए हैं। वीरवार सुबह इंडियन बैंक की चंडीगढ़ मुख्य शाखा समेत जोनल ऑफिस और फील्ड जनरल मैनेजर ऑफिस (एफजीएमओ) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

ईमेल में चंडीगढ़ स्थित बैंक शाखा में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, मोहाली एयरपोर्ट को भी रात 9:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

12 नवंबर 2026 को सुबह 10:40 बजे ‘ईशा स्मिथ ’ नाम की ईमेल आईडी से भेजे गए इस संदेश का विषय ‘बॉम ब्लास्ट@ इंडियन बैंक चंडीगढ़ ब्रांच 1:11 पीएम’ रखा गया है। ईमेल में बैंक के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।

धमकी भरे संदेश में 12 दिसंबर को मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है। ईमेल में शो के दौरान आईफोन शैली में विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

इसके अलावा अमिताभ बच्चन के 31 दिसंबर तक ‘जलसा’ जाने और वर्ष 1984 के दंगों व बदले का जिक्र करते हुए धमकी को और गंभीर बनाने की कोशिश की गई है।

ईमेल के अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) जैसे संगठनों के नाम के साथ कुछ व्यक्तियों के नाम भी लिखे गए हैं। संदेश में आम लोगों को दिलजीत दोसांझ के शो में नहीं जाने और बच्चों को सुरक्षित रखने की चेतावनी भी दी गई है।

साथ ही सड़क पर पड़ी किसी अज्ञात वस्तु या आईफोन को हाथ नहीं लगाने की अपील की गई है। लगातार मिल रही धमकियों के बीच बैंक को भेजे गए इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियां ईमेल की सत्यता, भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की मंशा की जांच कर रही हैं। धमकी में जिन स्थानों का उल्लेख किया गया है, उनकी सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786