शरद पवार के एक बयान से महाराष्ट्र की सियासत में हलचल, बोले- 10 नवंबर के बाद बैठकर करेंगे बात

पुणे

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के बीच संभावित सुलह और भविष्य की रणनीति को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसकी वजह एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल के बीच हुई मुलाकात और बातचीत का एक वीडियो है। 

इस वीडियो में शरद पवार प्रफुल्ल पटेल से कहते सुनाई दे रहे हैं कि 10 नवंबर के बाद दोनों बैठकर बातचीत करेंगे. हालांकि, इस मुलाकात का असल एजेंडा क्या होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। 

दरअसल, शरद पवार इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज और मेडिकल जांच चल रही है. इसी दौरान अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे. पटेल ने शरद पवार का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक मुलाकात हुई। 

वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों नेताओं के बीच बातचीत सुनाई दे रही है. शरद पवार कहते हैं, 'वहां रहना पड़ता है, यह मुझे पता है. लेकिन कब तक रहना है, यह बताइए. उसके बाद हम तय करेंगे.' इस पर प्रफुल्ल पटेल जवाब देते हैं, 'मैं 10 तारीख के बाद मुंबई में रहूंगा. आप बताइए, कब बैठकर चर्चा करनी है. मैं तैयार हूं। 

शरद पवार की इस टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. खासकर एनसीपी के दोनों गुटों के बीच संभावित मेल-मिलाप और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, 10 नवंबर के बाद होने वाली प्रस्तावित मुलाकात का एजेंडा अभी सामने नहीं आया है. इसलिए इस बातचीत को किसी राजनीतिक फैसले या गठबंधन की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखना जल्दबाजी होगी। 

प्रफुल्ल पटेल ने भी मुलाकात के बाद शरद पवार के साथ राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की बात स्वीकार की थी, लेकिन बातचीत के विस्तृत ब्योरे का खुलासा नहीं किया. उन्होंने कहा था कि वह शरद पवार का हालचाल जानने पहुंचे थे और उनकी तबीयत अच्छी है। 

अब सबकी निगाहें 10 नवंबर के बाद होने वाली संभावित मुलाकात पर टिकी हैं. क्या यह सिर्फ व्यक्तिगत संबंधों के तहत होने वाली मुलाकात होगी या महाराष्ट्र की राजनीति में कोई नया समीकरण आकार लेगा, इसका जवाब आने वाले दिनों में ही मिल पाएगा। 

पीएम मोदी ने भी की थी बात
गौरतलब है कि शरद पवार को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था. वहां से छुट्टी मिलने के एक दिन बाद बुधवार को उन्हें नियमित मेडिकल जांच और आगे के उपचार के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर उनका हालचाल जाना था. शरद पवार के करीबी और पारिवारिक मित्र विट्ठल मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनसे आराम करने और अपनी सेहत का ध्यान रखने को कहा था. उन्होंने सुप्रिया सुले और खुद के मिलकर देश संभालने की बात भी कही थी। 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786