अमेरिका से राहुल गांधी का हमला: चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, महाराष्ट्र चुनाव को बताया संदिग्ध

बोस्टन: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर बोस्टन पहुंचे, जहां उन्होंने ब्राउन यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर विदेशी मंच से मोदी सरकार और चुनाव आयोग को आड़े हाथों लिया।

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मतदान शाम 5:30 बजे तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन इसके बाद दो घंटे में अचानक 65 लाख वोट कैसे पड़े? अगर एक व्यक्ति को वोट डालने में औसतन 3 मिनट लगते हैं, तो इसका मतलब है कि मतदान आधी रात तक चलता रहा होगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस ने चुनाव आयोग से वीडियोग्राफी फुटेज की मांग की, तो आयोग ने न केवल अनुरोध ठुकरा दिया, बल्कि नियमों में भी बदलाव कर दिए। राहुल के अनुसार, यह इस बात का संकेत है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर समझौता हो चुका है।

यह राहुल गांधी की हालिया महीनों में दूसरी अमेरिका यात्रा है। इससे पहले सितंबर 2024 में वे डलास और वाशिंगटन डीसी गए थे, जहां उन्होंने भारतीय प्रवासियों, छात्रों और शिक्षकों से संवाद किया था।

गौरतलब है कि पिछली यात्रा में भी उनके बयान—विशेषकर आरक्षण प्रणाली पर टिप्पणी—ने भारत में राजनीतिक भूचाल ला दिया था। उन्होंने जातिगत जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा था कि देश की 90% आबादी को संस्थानों और व्यवसायों में उचित भागीदारी नहीं मिल रही।

राहुल गांधी का यह अमेरिका दौरा एक बार फिर देश की चुनावी प्रणाली और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय बहस में ला रहा है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786