ESIC के नए नियम लागू, 21 हजार तक सैलरी वालों को बिना आवेदन मिलेगा बीमारी-मातृत्व लाभ

नई दिल्ली
नौकरी करने वाले लाखों कर्मचारियों के लिए नियम बदल गए हैं। अब बीमारी या मां बनने पर मिलने वाले पैसों के लिए अलग से क्लेम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जरूरी शर्तें पूरी होने पर बीमारी और मातृत्व लाभ की रकम सीधे कर्मचारी के बैंक खाते में भेजी जा सकेगी। यह सुविधा उन कर्मचारियों के लिए है, जिनकी महीने की सैलरी 21 हजार रुपये तक है। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी।

बिना आवेदन के खाते में आएगा बीमारी और मैटरनिटी का पैसा
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए नए नियमों में 'डीम्ड क्लेम' यानी अपने आप क्लेम मान लेने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को बीमारी और मैटरनिटी फायदे के लिए अलग से आवेदन नहीं करना होगा। जरूरी जानकारी और डॉक्यूमेंट सिस्टम में उपलब्ध होने पर निगम सीधे अमाउंट कर्मचारी के बैंक खाते में भेज सकेगा। हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें पूरी करना जरूरी होगा।

कर्मचारी के पास ईएसआईसी के सूचना सिस्टम से जारी मेडिकल सर्टिफिकेट होना चाहिए।

नियोक्ता यानी कंपनी को संबंधित पीरियड का रिटर्न फॉर्म 8B के जरिए ईएसआईसी पोर्टल पर जमा करना होगा।

कर्मचारी का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए। साथ ही उसका ईएसआईसी बीमा नंबर भी आधार से जुड़ा होना जरूरी है।

इन सभी शर्तों के पूरा होने पर पात्र कर्मचारी को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा।

नौकरी के दौरान दुर्घटना होने पर भी आसान होगा क्लेम
नए नियमों में काम के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को भी राहत दी गई है। अब अगर किसी कर्मचारी के साथ नौकरी के दौरान दुर्घटना होती है, तो कंपनी की ओर से ईएसआईसी को दी गई दुर्घटना की रिपोर्ट को ही क्लेम माना जा सकेगा।

इसका फायदा उन कर्मचारियों को मिलेगा, जो दुर्घटना के कारण अस्थायी या स्थायी रूप से दिव्यांग हो जाते हैं। ऐसे मामलों में उन्हें अलग से क्लेम आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।

अगर किसी कर्मचारी की काम के दौरान हुई दुर्घटना में मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को मिलने वाले आश्रित लाभ (Dependants' Benefit) के लिए भी अलग से आवेदन की जरूरत नहीं होगी। कंपनी की दुर्घटना रिपोर्ट के आधार पर प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। हालांकि, कर्मचारी या परिवार चाहे तो खुद भी ऑनलाइन या अन्य निर्धारित माध्यमों से क्लेम कर सकते हैं।

किसे मिलेगा इस योजना का फायदा?
इस योजना के तहत सामान्य कर्मचारियों के लिए मासिक वेतन की सीमा 21 हजार रुपये रखी गई है। यानी जिन कर्मचारियों की सैलरी इस सीमा के भीतर है, वे निर्धारित शर्तों के अनुसार इस सामाजिक सुरक्षा योजना के दायरे में आ सकते हैं।

दिव्यांग कर्मचारियों के लिए वेतन की सीमा 25 हजार रुपये प्रति माह है। इसके अलावा, जिन कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी 176 रुपये तक है, उन्हें कर्मचारी के हिस्से का योगदान देने से छूट है। हालांकि, उनके नियोक्ता को अपना योगदान जमा करना होगा।

कर्मचारी और कंपनी कितना योगदान देते हैं?
इस योजना में कर्मचारी और कंपनी दोनों को योगदान देना होता है। मौजूदा योगदान दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कर्मचारी का योगदान: वेतन का 0.75 फीसदी।

कंपनी का योगदान: वेतन का 3.25 फीसदी।

इस योजना के तहत कर्मचारियों और उनके परिवारों को मेडिकल इलाज, बीमारी के दौरान आर्थिक सहायता, मैटरनिटी लाभ, दिव्यांगता लाभ और कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रितों को आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं मिलती हैं।

कब से लागू हुए नए नियम?
कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 2026 को 20 नवंबर 2026 को नोटिफाई किया गया और 21 नवंबर को राजपत्र में प्रकाशित किया गया। ये नियम 21 नवंबर से प्रभावी हो गए हैं। इन नए नियमों ने 1950 से लागू पुराने नियमों की जगह ली है।

हालांकि, कर्मचारियों को एक जरूरी बात समझनी चाहिए। बीमारी और मैटरनिटी लाभ के लिए बिना अलग आवेदन के पेमेंट और दुर्घटना रिपोर्ट को क्लेम मानने वाली सुविधाएं तुरंत शुरू नहीं होंगी। इन्हें किस तारीख से लागू किया जाएगा, इसकी घोषणा ईएसआईसी के महानिदेशक अलग से करेंगे।

नए नियमों में ऑनलाइन प्रक्रिया को भी बढ़ावा दिया गया है। इसके तहत कर्मचारियों का रजिस्ट्रेशन, बीमा कार्ड जारी करना, परिवार के सदस्यों की जानकारी अपडेट करना और कंपनियों की ओर से मासिक योगदान का रिटर्न जमा करना जैसे काम इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किए जा सकेंगे। इससे कर्मचारियों और कंपनियों दोनों के लिए कागजी कार्रवाई कम होने की उम्मीद है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786