बाल दिवस पर रायपुर रेलवे स्टेशन में बाल श्रम का खुलासा, 200 रुपये रोजाना देकर नाबालिग से उठवा रहे थे शराब की बोतलें

रायपुर 

 राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर में शराब की कबाड़ (शीशी और बाटल) बीनते हुए एक 17 वर्षीय बालक मिला। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की पूछताछ में बालक ने बताया कि गुढ़ियारी के दही हांडी मैदान स्थित गैस गोदाम के पास रहने वाला चंदू भाई नामक व्यक्ति उससे प्रतिदिन कार्य करवाता है।

इसके एवज में वह उसे 200 रुपये रोजी देता है और दारू भट्टी के पास शीशी-बाटल उठवाने का काम करवाता है। भिक्षावृत्ति भी कराता है। मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के मस्जिद मोहल्ला का रहने वाला यह बालक लगभग एक वर्ष पूर्व काम की तलाश में घर छोड़कर रायपुर आया था। उसके पिता राशन दुकान में कार्यरत हैं, माता मजदूरी करती हैं और उसकी एक छोटी बहन है, जबकि बालक ने कभी विद्यालयीन शिक्षा ग्रहण नहीं की है।

टीम ने संरक्षण में लिया

बालक की यह स्थिति बाल श्रम और बाल शोषण की श्रेणी में आने पर रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत संरक्षण में लिया। इसके बाद बाल कल्याण समिति (प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट पीठ) रायपुर के समक्ष प्रस्तुत कर समिति के आदेशानुसार उसे शासकीय बाल गृह (बालक), माना कैंप में अस्थायी आश्रय दिलाया गया है।

एक साल में 270 बच्चों का रेस्क्यू

रेल्वे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रभारी विजय कुमार साहू ने बताया कि विगत एक वर्ष के भीतर रेलवे स्टेशन परिसर, ट्रेनों और प्लेटफार्मों से लगभग 270 बच्चों का सुरक्षित बचाव कार्य किया गया है। इन बच्चों में अधिकांश मामले बाल तस्करी, बाल श्रम और घर से बिछड़कर अन्यत्र चले जाने से जुड़े हैं। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार सभी बच्चों को उनके स्वजन तक सकुशल सुपुर्द किया गया है। 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में इस मामले का खुलासा हुआ।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786