पटना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि पात्र परिवारों को आवेदन के 30 दिनों के भीतर नया राशन कार्ड मिलेगा। उन्होंने ऐसे परिवारों से आवेदन करने के लिए अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुनिश्चित करेगी कि समय सीमा में उन्हें जनवितरण प्रणाली के तहत अनाज मिलना शुरू हो जाये। पिछले दिनों बड़ी संख्या में परिवारों का राशन कार्ड रद्द कर दिया गया था। आवेदन देने पर पात्र परिवारों का फिर से कार्ड बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को ज्ञान भवन में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से 23 लाख 75 हजार नये लाभुकों को राशन कार्ड तथा 1448 जन वितरण प्रणाली दुकानों के लिए लाइसेंस वितरित किये। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से कुछ लाभुकों को अपने हाथों से राशन कार्ड दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में बिहार में कुल 2.09 करोड़ राशन कार्ड निर्गत हैं, जिनसे लगभग 8.46 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। विभाग को एक करोड़ नए लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया था। इनमें अबतक लगभग 24 लाख लोगों को जोड़ा जा चुका है। उन्होंने गरीब परिवारों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिहार का कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार का कोई भी गरीब भूखा नहीं रहे। कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। गरीबों के जीवन में खुशहाली लाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
75 पार के बुजुर्गों को घर पर ही मिलेगा राशन
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि जन वितरण प्रणाली के तहत अगले वर्ष से 75 वर्ष से अधिक उम्र के राशन कार्डधारियों को उनके घर पर ही अनाज उपलब्ध कराया जाएगा। मालूम हो कि पूर्व में 80 वर्ष से अधिक उम्र के राशन कार्डधारियों के घर पर अनाज पहुंचाने का निर्णय लिया गया था।








