मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत बड़वानी पुलिस ने 586 किलोग्राम वजन के 627 गांजे के पौधे जप्त किए
अनुमानित कीमत 58 लाख रुपये से अधिक

भोपाल
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बड़वानी पुलिस ने ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत थाना सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 586 किलोग्राम वजन के 627 हरे गांजे के पौधे जप्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 58 लाख 60 हजार रुपये है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर श्री अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सुश्री सिमाला प्रसाद के निर्देशन तथा प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।

11 नवम्बर को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर सेंधवा ग्रामीण पुलिस टीम ने ग्राम पलासपानी के सूलिया फलिया क्षेत्र में जंगल के किनारे स्थित एक खेत पर दबिश दी। यहां लगभग आधा बीघा भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस टीम ने मौके से लगभग 6 फीट ऊंचाई के कुल 627 गांजे के पौधे जप्त किए। जप्त पौधों का कुल वजन 586 किलोग्राम है। जांच में खेत से संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध थाना सेंधवा ग्रामीण में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध प्रदेशव्यापी अभियान लगातार जारी है। पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके अवैध उत्पादन एवं कारोबार से जुड़े नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है। मध्यप्रदेश पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपने आसपास मादक पदार्थों की अवैध खेती, बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786