अमेठी में गोमती नदी पर बनेगा पक्का पुल, शासन ने मंजूर किए 32.59 करोड़ रुपये

लखनऊ 
उत्तर प्रदेश के अमेठी के लिए राहत की खबर है। गोमती नदी पर दंडेश्वर घाट के पास पीपा पुल की जगह अब पक्का पुल बनाया जाएगा। जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी के प्रयास से थौरी-पिपरी मार्ग पर श्री दंडेश्वरनाथ धाम के पास बनने वाले इस दीर्घ सेतु के लिए शासन ने 32 करोड़ 59 लाख 85 हजार रुपए की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने पांच नवम्बर को शासनादेश जारी कर दिया है। चालू वित्तीय वर्ष के पहले चरण में 11 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपए की धनराशि अवमुक्त करने की मंजूरी दी गई है।

मुसाफिरखाना विकास खंड क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे स्थित दंडेश्वर धाम के पास स्थाई पुल न होने से नदी के दोनों ओर बसे दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीणों को खेती किसानी, बाजार और रिश्तेदारी में आने जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। दंडेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कत होती थी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के प्रयासों से यहां पीपा पुल का निर्माण कराया गया था। इससे नदी के दोनों ओर के लोगों को राहत मिली। हांलांकि बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर पीपा पुल पर आवागमन प्रभावित हो जाता था। ऐसे में ग्रामीण यहां लंबे समय से पक्के पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे।

पुल निर्माण से मिलेगी सुविधा
गोमती नदी के उस पार के 29 गांवों के साथ ही इस पार के दर्जनों गांव अमेठी लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। पक्का पुल बन जाने से किसानों को खेतीबारी और अपनी उपज लाने ले जाने में सुविधा मिलेगी। स्कूली छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसके साथ ही सावन में दंडेश्वर धाम पहुंचने वाले कांवड़ियों को भी सहूलियत होगी। विधायक सुरेश पासी ने बताया कि दंडेश्वर घाट पर पक्के पुल के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। पुल बनने से अमेठी और सुलतानपुर के सीमावर्ती गांव के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786