हरियाणा में 52 लाख लोगों की दिवाली होगी खुशहाल, खातों में आएंगे 1650 करोड़ रुपये

चंडीगढ़
 हरियाणा में करीब 52 लाख गरीबों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों की दीवाली अच्छी बनने वाली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को अंत्योदय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन और सहायता राशि जारी करेंगे।

सरकार की ओर से हर महीने की दस तारीख को यह पैसा जारी किया जाता है, लेकिन इस महीने त्योहारों के चलते चार दिन पहले ही यह राशि लाभार्थियों के खातों में डालने का निर्णय लिया गया है।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में करीब 1650 करोड़ रुपये डाले जाएंगे। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता सहित विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 13 हजार लाभार्थियों के खातों में करीब 1131 करोड़ रुपये आएंगे।

लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त में 12 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में धनराशि डाली जाएगी। अब तक इस योजना की 12 किस्तों में 2466 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। योजना का विस्तार किया गया है, जिसके तहत पहली नवंबर से अब 1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी का लाभ मिलेगा।

दूसरे चरण में करीब तीन लाख महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवाया है। योजना के तहत पहले पारिवारिक आय की सीमा एक लाख रुपये रखी गई थी। आय की पात्रता सीमा 80 हजार रुपये बढ़ाने से योजना में उन परिवारों की महिलाएं भी शामिल हो सकेंगी, जिनकी सालाना आमदनी एक लाख से अधिक लेकिन 1.80 लाख रुपये तक है। योजना के पहले चरण में 10 लाख से अधिक महिलाएं लाभ ले रही हैं।

वहीं, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलिंडर रिफिल करवाने वाली पांच लाख महिलाओं को 20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

अब तक 14 लाख 65 हजार महिलाओं के खातों में कुल 380 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। इसी तरह दयालु और भावांतर भरपाई सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि दी जाएगी।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786