ईशान किशन दूसरे टी20 से बाहर, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

नई दिल्ली
शनिवार (24 अक्टूबर) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम को झटका लगा है. स्टार बल्लेबाज ईशान किशन इंजरी से परेशान हैं और इस मुकाबले में वो भाग नहीं लेंगे. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने इस बात की जानकारी दी है.

बीसीसीआई की विज्ञप्ति में कहा गया, 'भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से बाहर हो गए हैं. उन्हें पहले टी20 मैच के दौरान दाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया था. ईशान को लो-ग्रेड राइट एडडक्टर स्ट्रेन हुआ है. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी चोट पर नजर रख रही है और उनकी रिकवरी की निगरानी कर रही है.'

अब ईशान किशन की जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की पूरी संभावना है. भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी ईशान की चोट की जानकारी देते हुए बताया कि पहले टी20 में उनका पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करना भी इसी परेशानी से जुड़ा था.

बैटिंग कोच ने ईशान को लेकर क्या कहा?
सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मैंने भी इस बारे में काफी अटकलें देखी हैं. ईशान की ग्रोइन में खिंचाव था, इसी वजह से बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया गया. कल के मैच में भी उनके खेलने की उम्मीद कम है. अगर ईशान नहीं खेलते हैं, तो वैभव निश्चित रूप से उनकी जगह लेने के मजबूत दावेदारों में शामिल हैं.'

ईशान किशन की चोट ने वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम में जगह बनाने की संभावना बढ़ा दी है. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन नियमित ओपनर हैं और टीम मैनेजमेंट फिलहाल दोनों के प्रदर्शन से संतुष्ट है. अगर वैभव की प्लेइंग-11 में एंट्री होती है, तो संजू सैमसन तीसरे नंबर पर बैटिंग करते नजर आ सकते हैं.

पहले टी20 से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा था कि उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना होगा. उन्होंने कहा था, 'वह अभी बहुत युवा हैं और उनके पास मौके पाने के लिए कई साल हैं. ऐसा नहीं है कि उन्हें तुरंत टीम में शामिल कर लिया जाए, क्योंकि हमारे दोनों ओपनर लगातार रन बना रहे हैं और उन्होंने विश्व कप भी जिताया है.'

श्रेयस अय्यर ने विदेशी परिस्थितियों में खेलने के अनुभव को भी अहम बताया था. उनके मुताबिक, 'यहां खेलने से उन्हें इन पिचों और परिस्थितियों को समझने का मौका मिलेगा. अगली बार जब वह यहां आएंगे, तो बेहतर तैयारी के साथ उतर सकेंगे और पहली बार इन हालात में खेलने वाले दूसरे खिलाड़ियों की मदद भी कर पाएंगे.'

तिलक वर्मा ने की थी तीसरे नंबर पर बैटिंग
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में तिलक वर्मा को ईशान से पहले तीसरे नंबर पर भेजा गया था. तिलक ने 11 गेंदों में छह रन बनाए, जबकि ईशान किशन तीन गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हो गए थे. तिलक को माइकल ब्रेसवेल और ईशान को मिचेल सेंटनर ने पवेलियन भेजा. हालांकि, भारत ने 226 रनों का लक्ष्य चार विकेट शेष रहते हासिल कर लिया था. अब दूसरे मुकाबले में ईशान की उपलब्धता और वैभव के चयन पर नजरें रहेंगी.

वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से IPL (इंडियन प्रीमियर लीग( 2026 में 776 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था. भारत के लिए अब तक आठ टी20 इंटरनेशनल मैचों में वह 246 रन बना चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट 186.36 रहा है और उनके नाम पर दो अर्धशतक दर्ज हैं. उन्होंने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में खेला था, जहां वह श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उतरे थे. इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली.

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786