हर आंगनवाड़ी बनेगी पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र -आंगन मिलन सेवा में कार्यक्रम में मंत्री सु भूरिया ने की सहभागिता

भोपाल 

प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, शिक्षा और सम्मान के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सु निर्मला भूरिया ने गुरुवार को बैरागढ़ स्थित आनंद टी. साहनी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में विधायक  रामेश्वर शर्मा भी उपस्थित रहे।

मंत्री सु निर्मला भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय के बीच सहभागिता को और मजबूत किया जा रहा जिससे प्रत्येक आंगनवाड़ी अपने क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं के लिए भरोसेमंद सहयोग केंद्र बन सके। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय के बीच जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल में परिवार और समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यह पहल आंगनवाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी से सशक्त बनाने और ‘सेवा, पोषण एवं सम्मान’ की भावना को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

माँ के भरोसे का केंद्र है आंगनवाड़ी

विधायक  रामेश्वर शर्मा ने कहा कि माँ के भरोसे का केंद्र है आंगनवाड़ी केंद्र।केंद्र की कार्यकर्ता और साहियिका माँ जैसी मौसी की जिम्मेदारी निभाती है। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रमों से आंगनवाड़ी केंद्रों और आमजन के बीच जुड़ाव और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से प्रत्येक आंगनवाड़ी को पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान का सशक्त केंद्र बनाया जा सकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आंगनवाड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

कार्यक्रम में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जांच की गई तथा उनके पोषण एवं स्वास्थ्य की स्थिति पर ध्यान दिया गया। बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित पोषण के महत्व का संदेश भी दिया गया।

मंत्री सु निर्मला भूरिया ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों तथा मातृ एवं बाल पोषण से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई। मंत्री सु भूरिया ने प्रदर्शनी के माध्यम से दिए जा रहे पोषण संदेशों की जानकारी ली और स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया।

मंत्री सु भूरिया ने गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित प्रसव की कामना की। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को फूड बास्केट भी वितरित की गईं। फूड बास्केट के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। इस अवसर पर 25 से अधिक वर्षों से कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को पुष्पहार और शॉल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का श्रवण भी किया गया। मुख्यमंत्री के संदेश में सेवा, पोषण और समाज की सामूहिक सहभागिता के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण को मजबूत करने की भावना को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786