तिरंगे की शान में भाव-विभोर हुआ मनेंद्रगढ़, वीर शहीदों के बलिदान को नमन

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़ का आमाखेरवा पुलिस ग्राउंड देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से सराबोर नजर आया। चारों ओर शान से लहराता तिरंगा, गूंजते देशभक्ति के स्वर और भारत माता के जयघोष ने पूरे वातावरण को गौरव और भावनाओं से भर दिया। 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया और परेड की सलामी ली। तिरंगे के सम्मान में पूरा परिसर गर्व और गौरव की अनुभूति से भर उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया।

शहीद परिवारों के सम्मान से नम हुई आंखें
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण शहीद परिवारों का सम्मान रहा। स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद परिवारों को शाल पहनाकर सम्मानित किया और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। यह सम्मान केवल शहीद परिवारों का नहीं, बल्कि राष्ट्र की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाली वीर परंपरा के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र का सम्मान बन गया।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन महान वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्रता दिलाई। स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों से मिली अनमोल विरासत है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ
समारोह में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। मंत्री ने सेल्फी जोन के माध्यम से लोगों को अभियान से जुड़ने और साइबर ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा देशभक्ति का समां
स्कूली बच्चों ने छत्तीसगढ़ी नृत्य, देशभक्ति गीत और भारत माता के प्रति समर्पण से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में राष्ट्रप्रेम का रंग और गहरा कर दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देश के प्रति गौरव और समर्पण की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।

आमाखेरवा पुलिस ग्राउंड का यह समारोह महज ध्वजारोहण और परेड तक सीमित नहीं रहा। इसने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, वीर शहीदों के अमर बलिदान और देश की एकता-अखंडता के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी का जीवंत एहसास कराया। तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव अक्षुण्ण रखने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के लिए समर्पित रहने के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786