हरियाणा में नशे के खिलाफ पैदल अभियान, 3 अगस्त से निकलेगी नशा मुक्त कांवड़ यात्रा

चंडीगढ़
 हरियाणा में युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भारत निर्माण युवा दल ने राज्यव्यापी जनजागरण अभियान का नया चरण शुरू करने की घोषणा की है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी एवं भारत निर्माण युवा दल के संस्थापक अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह यादव ने बताया कि 3 अगस्त से 11 अगस्त तक 'नशा मुक्त कांवड़ यात्रा' हरिद्वार से बागेश्वर धाम, बाघोत (महेंद्रगढ़) तक पैदल निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशामुक्त समाज, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का व्यापक जनआंदोलन बनेगी।

अभिमन्यु सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश और देश में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति सामाजिक और पारिवारिक जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में जनभागीदारी से चलाया गया जागरूकता अभियान ही इस समस्या का प्रभावी समाधान बन सकता है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्माण युवा दल पिछले एक वर्ष से हरियाणा के विभिन्न जिलों में स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से नशामुक्ति अभियान चला रहा है।

संगठन ने 'नशा मुक्त शादियां' जैसी पहल भी शुरू की है, जिसके तहत बिना शराब और अन्य नशों के संपन्न होने वाले विवाहों को सम्मानित किया जाता है। उनका कहना था कि यदि युवाओं को सही नेतृत्व और सकारात्मक अवसर मिलें तो वही देश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति बन सकते हैं।

अभिमन्यु सिंह यादव ने सभी खाप पंचायतों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, महिलाओं और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जिस-जिस गांव, कस्बे और शहर से गुजरेगी, वहां नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

इस अभियान को हरियाणा की विभिन्न खाप पंचायतों और सामाजिक संगठनों का भी व्यापक समर्थन मिला है। इनमें दहिया खाप के सुरेंद्र दहिया, रोहतक से जगजीत जाखड़, 84 खाप के हरदीप सिंह, नरवाल खाप (गोहाना) के भलेराम, हुड्डा खाप के इंद्र सिंह, सतगाम खाप के ओमप्रकाश सुनारिया, नांदल खाप के महेंद्र सिंह, 8 गामा के रणबीर बोहर, राजकुमार सुनारिया, कादियान खाप के बिल्लू तथा मलिक खाप के जगबीर सिंह शामिल रहे। सभी ने समाज से अधिक से अधिक लोगों को इस नशामुक्ति अभियान से जुड़ने की अपील की।

अभिमन्यु सिंह यादव ने कहा कि नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही जीती जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, संस्कारित और सशक्त हरियाणा के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786