विश्व कढ़ाई दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा सृजनात्मकता एवं हस्तकला-कौशल का प्रदर्शन

भोपाल

उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल के फैशन डिज़ाइन विभाग द्वारा विश्व कढ़ाई दिवस (World Embroidery Day) के उपलक्ष्य में गुरुवार को एक गरिमामय एवं सृजनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के विद्यार्थियों ने ‘ओशन एंड मरीन लाइफ (Ocean and Marine Life)’ विषय पर आधारित हस्त-कढ़ाई (हैंड एंब्रॉयडरी) की आकर्षक एवं कलात्मक कृतियों का सृजन कर अपनी मौलिक सोच, रचनात्मक प्रतिभा तथा उत्कृष्ट हस्तकला-कौशल का प्रभावशाली परिचय दिया।

विद्यार्थियों द्वारा निर्मित इन उत्कृष्ट कृतियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन संस्थान के संचालक डॉ. प्रज्ञेश कुमार अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की सृजनशीलता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं तकनीकी दक्षता की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता को समृद्ध करने के साथ-साथ भारतीय हस्तकला एवं पारंपरिक कढ़ाई कला के संरक्षण, संवर्धन तथा नवाचार को भी सुदृढ़ आधार प्रदान करती हैं। साथ ही, ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सौंदर्यबोध, धैर्य, सूक्ष्मता एवं सृजनात्मक दृष्टि के विकास में भी महत्त्वपूर्ण योगदान देते हैं।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. अंकिता यादव एवं डॉ. रचना सिंह ने निर्णायक के रूप में किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की कृतियों का विषय की प्रभावी अभिव्यक्ति, कलात्मक संतुलन, रंग-संयोजन, तकनीकी परिपक्वता, सूक्ष्मता एवं मौलिकता के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन किया तथा विद्यार्थियों की सृजनात्मक दक्षता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

प्रतियोगिता में रौशनी कुशवाहा ने प्रथम, हिमांशु चौहान ने द्वितीय तथा दिव्या चौरसिया एवं आद्रिका शुक्ल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह, समर्पण एवं रचनात्मक भाव से सहभागिता करते हुए हस्त-कढ़ाई कला की विविध तकनीकों का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्रदर्शित प्रत्येक कृति उत्कृष्ट गुणवत्ता, सौंदर्यपरक अभिव्यक्ति, नवीनता एवं सृजनात्मक कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण रही तथा उपस्थित सभी दर्शकों का विशेष आकर्षण बनी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में फैशन डिज़ाइन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू जैन, विश्व कढ़ाई दिवस की संयोजक डॉ. स्मिता जैन, सु काश्मिक नायर, सु आकांक्षा सिमोलिया एवं सु शिवानी वर्मा का विशेष योगदान रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरणादायी मंच प्रदान करने के साथ-साथ हस्त-कढ़ाई कला के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता एवं सृजनात्मक अभिरुचि के संवर्धन की दिशा में एक सार्थक एवं उल्लेखनीय पहल सिद्ध हुआ।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786