प्रधानमंत्री मोदी से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पंजाब के विकास के रोडमैप पर हुई अहम चर्चा

चंडीगढ़
 भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर पंजाब के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान राज्य में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास को नई गति देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और किसानों तथा मजदूरों के कल्याण जैसे अहम विषय बैठक के केंद्र में रहे।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री से हुई इस मुलाकात में केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब के सर्वांगीण विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य को फिर से औद्योगिक दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए बड़े निवेश की आवश्यकता है। इसके लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के साथ उद्योगों के अनुकूल माहौल तैयार किया जाना जरूरी है।

औद्योगिक इकाइयों के विस्तार का मुद्दा उठाया
बैठक में ढिल्लों ने पंजाब में नए उद्योग स्थापित करने और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि यदि राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आता है तो इससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही पंजाब की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और राज्य फिर से औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी बन सकेगा।

उन्होंने किसानों और मजदूरों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भी प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था में कृषि और उद्योग दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए दोनों क्षेत्रों को समान रूप से मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि प्रदेश के हर वर्ग को विकास का लाभ मिल सके।

जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध भाजपा
मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और विकास केंद्रित नीतियों से देश के विभिन्न राज्यों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब को भी केंद्र सरकार की योजनाओं और सहयोग का पूरा लाभ मिलेगा।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के विकास, निवेश को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786