23% कम बारिश के साथ रेड जोन में पंजाब, कल से फिर कमजोर पड़ेगा मानसून

अमृतसर.

पंजाब में मानसून की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ती नजर आ रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी, लेकिन सोमवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।

दक्षिण-पश्चिम पंजाब के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बारिश के सीजन में 1 जून से 11 जुलाई तक पंजाब में सामान्य तौर पर 104.1 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 79.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस तरह राज्य में सामान्य से 23 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इसी कारण पंजाब को वर्षा की स्थिति के आधार पर रेड श्रेणी में रखा गया है। इसके विपरीत पड़ोसी राज्यों में वर्षा सामान्य अथवा सामान्य से अधिक दर्ज की गई है, जो चिंता का विषय है।

रविवार तीन जिलों में बारिश की अधिक संभावना
रविवार को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और नवांशहर में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बरनाला और संगरूर में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। दूसरी ओर फाजिल्का, मुक्तसर, फिरोजपुर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा में रविवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

13 जुलाई : सोमवार यानी 13 जुलाई को मानसून और कमजोर पड़ सकता है। पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रहेगी। अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, नवांशहर और रूपनगर में केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। दक्षिणी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
14 जुलाई : मंगलवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर और तरनतारन में बारिश की संभावना काफी कम रहेगी।
15 जुलाई : बुधवार को भी मौसम का यही रुख बने रहने के संकेत हैं। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण-पश्चिम पंजाब के अधिकांश जिले शुष्क रह सकते हैं।

शनिवार तापमान हुआ 40 के पार
शनिवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रमुख शहरों में चंडीगढ़ 33.9 डिग्री, अमृतसर 33.4 डिग्री, लुधियाना 32.6 डिग्री, पटियाला 33.6 डिग्री, पठानकोट 32.5 डिग्री और बठिंडा 36.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

वहीं, शनिवार सुबह 8.30 बजे के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। केवल कुछ स्थानों पर बेहद हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम है और मानसून की सक्रियता सीमित क्षेत्रों तक ही रहने के आसार हैं।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786