बिहार में आंधी-बारिश का कहर: 8 लोगों की मौत, फसलों और बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान

पटना  

उत्तर और पूर्व बिहार के कई जिलों में मंगलवार और बुधवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। इस दौरान आठ लोगों की मौत हो गई। फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। जगह-जगह पोल गिरने और तार टूटने से बिजली आपूर्ति भी चरमरा गई। मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों में पेड़ और घर गिरने से दबकर दो बच्चों और एक बुजुर्ग महिला समेत चार की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं पूर्वी बिहार में चार लोगों की मौत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना की शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से आम और लीची के बगीचों में भारी नुकसान हुआ है। पेड़ों से बड़ी संख्या में फल टूटकर गिर गए, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि इस बारिश ने कुछ फसलों के लिए राहत भी दी है। हरी सब्जियों, गन्ना और मूंग की फसल को पर्याप्त नमी मिलने से फायदा पहुंचा है। उधर,भागलपुर शहर में दर्जनों जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल व तार गिर गए। इससे बुधवार को जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप रही। स्थिति को देखते हुए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी राहुल कुमार खुद भागलपुर पहुचे। वहीं, पेड़ गिरने से भागलपुर-बौंसी मुख्य मार्ग पर काफी देर आवागमन बंद रहा। शाहकुंड के दरियापुर-हरथापुर सड़क पर बना एक पुराना पुल ध्वस्त हो गया।

उधर, दरभंगा में आंधी से जगह-जगह पेड़ उखड़ गए और कुछ घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल हवा में उड़ गए। मधुबनी में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। कई होर्डिंग और बैनर उड़ गए। मुजफ्फरपुर समेत आस पास के जिलों में तेज हवा से फसलों को नुकसान हुआ। लीची के पके और तैया फल हवा के झोंकों से झड़ गए। आम की फसल की भी क्षति हुई।

सीएम ने जताया शोक, परिजनों को मिलेंगे चार-चार लाख
प्राकृतिक आपदा में राज्य के निवासी की मौत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है कि सरकार उनके सुख दुख में साथ है। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया गया है। सीएम ने आम जनों से यह अपील भी किया है कि मौसम के खतरों से सावधान रहें। मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान दें और उसी के अनुसार अपनी दैनिक गतिविधियां तय करें।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786