शंभू रेल ब्लास्ट केस में बड़ी सफलता: मुख्य आरोपी का साथी गिरफ्तार, सरहिंद-मोगा हमलों का राज खुला

पटियाला.

पंजाब में हाल के समय में हुए तीन बड़े आतंकी घटनाक्रमों को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोगा में जांच एजेंसी कार्यालय पर ग्रेनेड हमला, सरहिंद रेलवे ट्रैक विस्फोट और शंभू रेलवे ट्रैक धमाका- इन तीनों मामलों को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी के सहयोगी गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बेंत को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य की विशेष संचालन इकाई, पठानकोट की खुफिया टीम और पटियाला पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध मुख्य आरोपी जगरूप सिंह से था, जिसकी शंभू धमाके में मौत हुई थी।

दोनों एक साथ मिलकर कर रहे थे काम
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि गुरजिंदर और जगरूप लंबे समय से एक साथ काम कर रहे थे और शंभू घटना वाले दिन दोनों अलग-अलग रास्तों से राजपुरा पहुंचे थे, ताकि किसी को शक न हो। धमाके के समय गुरजिंदर मौके पर मौजूद था, लेकिन कुछ दूरी पर होने के कारण वह सुरक्षित बच निकला और बाद में फरार हो गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया है कि तीनों घटनाएं एक ही गिरोह द्वारा अंजाम दी गई थीं और इन्हें विदेश में बैठे संचालकों के निर्देश पर अंजाम दिया गया। नेटवर्क के तार मलेशिया, अमेरिका और पाकिस्तान तक जुड़े होने की बात सामने आई है।

आतंकी नेटवर्क तोड़ने में मिली सफलता
इससे पहले पुलिस ने इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से हथियार, विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण भी बरामद किए गए थे। बाद में जगरूप के भाई की निशानदेही पर और भी घातक हथियार बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी प्रदेश में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786