चाईबासा मुठभेड़ में बड़ी सफलता, CoBRA 209 बटालियन ने एक माओवादी को किया ढेर

 चाईबासा

 पश्चिम सिंहभूम जिला के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। CoBRA 209 बटालियन के साथ हुई मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया है।

फिलहाल उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटनास्थल से शव के साथ हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास के जंगलों में पिछले दो दिनों से लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। यह अभियान विशेष रूप से एक करोड़ के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा की तलाश में तेज किया गया था।

बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों का माओवादियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।

अजय महतो के दल का सदस्य मारा गया
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती मुठभेड़ के बाद भी इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक माओवादी को मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, मारा गया माओवादी कमांडर अजय महतो के दस्ते का सदस्य बताया जा रहा है, हालांकि उसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी की जा रही है।

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षा बल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि बरामद हथियार और अन्य सामग्री की गहन जांच की जा रही है, जिससे माओवादी संगठन के नेटवर्क, मूवमेंट और भविष्य की योजनाओं के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

एक माओवादी की हत्या के बाद बढ़ी थी गतिविधि
गौरतलब है कि हाल ही में गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या की घटना सामने आई थी। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिल रहे थे कि माओवादी सारंडा के जंगलों से निकलकर कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही संकेत दिए थे कि माओवादियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। ताजा मुठभेड़ इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और जंगल इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786