आंध्र प्रदेश बस हादसा: सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख मुआवजा

अमरावती

आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुए भीषण बस हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 2-2 लाख रुपये देने का भी फैसला किया गया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। कैबिनेट ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह मार्कापुरम जिले में एक निजी ट्रैवल्स की बस और टिपर ट्रक की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच रायवरम के पास एक स्टोन क्वारी के नजदीक हुआ।
बताया जा रहा है कि बस तेलंगाना के जगतियाल से नेल्लोर जिले के कनीगिरी जा रही थी और इसमें 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस और ट्रक दोनों पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

घायलों को ओंगोल और मार्कापुरम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस और टिपर दोनों गलत दिशा में चल रहे थे। टक्कर के दौरान बस टिपर के डीजल टैंक से टकरा गई, जिससे आग लग गई। वहीं, बस चालक का कहना है कि स्टेयरिंग फंस जाने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों से बातचीत की और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपने के भी आदेश दिए।
वहीं, राज्य के परिवहन मंत्री मणिपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786