बरनाला
बरनाला में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित विशाल 'मनरेगा मजदूर और किसान बचाओ रैली' को संबोधित करते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे शाब्दिक हमले किए। चन्नी ने जहां राहुल गांधी को पंजाबियों का सच्चा हमदर्द बताया, वहीं राज्य के वर्तमान हालात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब का किसान और मजदूर जिस कठिन दौर से गुजर रहा है, उस लड़ाई को राहुल गांधी पूरी निडरता के साथ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा गरीबों और मेहनतकशों की आवाज बुलंद की है, जिस कारण वे आज पंजाब के लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "पंजाब के लोगों ने राहुल गांधी को अपना असली हीरो मान लिया है क्योंकि वे सत्ता के लिए नहीं, बल्कि लोगों के हक के लिए सड़कों पर उतरे हैं।" शायराना अंदाज में पंजाब के दर्द का जिक्र चरणजीत सिंह चन्नी ने रैली के दौरान अपने अनूठे शायराना अंदाज में पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चोट करते हुए कहा: "लगी नजर पंजाब को कोई नजर उतारो, लेकर मिर्चें हाथ में इसके ऊपर से वारो।"
उन्होंने कहा कि पंजाब जो कभी खुशहाली का प्रतीक था, आज नशे और गैंगस्टरवाद की गिरफ्त में आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा शासन के दौरान राज्य में अमन-शांति पूरी तरह भंग हो चुकी है और युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंस रही है। सरकार पर तीखा हमला करते हुए चन्नी ने कहा कि आज 'काले अंग्रेज' पंजाब को दोनों हाथों से लूट रहे हैं। उनका इशारा उन लोगों की ओर था जो बाहर से आकर पंजाब के संसाधनों पर काबिज हो रहे हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी ताकतों को कभी कामयाब नहीं होने देगी और पंजाब के हितों की रक्षा के लिए डटकर पहरा देगी। चन्नी ने अंत में कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करें ताकि आने वाले समय में पंजाब को फिर से खुशहाली की राह पर लाया जा सके।









