बारात में नाचते समय विवाद में गोली मारकर हत्या, सासाराम में शादी की खुशियां मातम में बदलीं

रोहतास.

रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोढनडीह गांव में शनिवार की सुबह एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब बारात में चल रहे नाच के दौरान गोली चलने से एक युवक की मंच पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान, शादी समारोह में था शामिल
मृतक की पहचान ढोढनडीह गांव निवासी 24 वर्षीय वीर बहादुर सिंह के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी थी। शुक्रवार की शाम भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव से बारात आई थी और विवाह समारोह के तहत नाच का आयोजन किया गया था।

नाच के दौरान मंच पर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाच के दौरान वीर बहादुर सिंह मंच पर नाचने वाली के साथ नाचने पहुंचे और उसे पैसे दे रहे थे। इसी दौरान उनका एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया। वीर बहादुर ने उसे मना किया, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

तीन गोलियां चलीं, मौके पर ही मौत
विवाद के दौरान आरोपी ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वीर बहादुर सिंह मंच पर ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शादी स्थल पर अफरातफरी मच गई और समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

मंच से नोट और मोबाइल बरामद
घटना के बाद मंच के आसपास बिखरे हुए नोट और मृतक का मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थाना क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।

चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना पर सूर्यपुरा थाना, नटवार थाना, भानस ओपी और दावथ थाना की पुलिस इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव और डीएसपी सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा।

एक खोखा बरामद, एफएसएल जांच में जुटी
घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। गोली चलाने वाला मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है। एफएसएल टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786