रमन ने भी किया था शराबबंदी का ऐलान…झूठ पर आधारित राजनीति करती है BJP : अकबर

रायपुर। भाजपा झूठ पर आधारित राजनीति करती है। कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था जिसे पूरा कर दिखाया। भाजपा का यह आरोप पूरी तरह झूठा है कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी करने का वादा किया था। कांग्रेस ने शराबबंदी की बात कही थी लेकिन गंगाजल लेकर सिर्फ कर्जा माफी की बात की थी। पन्द्रह वर्षों तक भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री रहे डॉ. रमन सिंह ने भी शराबबंदी का ऐलान किया था जिसे पूरा नहीं किया।

यह बातें प्रदेश के वन, परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज एक प्रेस कान्फ्रेंस लेकर कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास झूठ के अलावा कुछ नहीं है। भाजपा खुलेआम झूठ बोल रही हैं कि कांग्रेस ने हाथ में गंगा जल लेकर छत्तीसगढ़ में शराबबंदी लागू करने का वादा किया था। मंत्री मोहम्मद अकबर ने दस्तावेज के तौर पर विडियों दिखाते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में हाथ में गंगाजल लेकर कहा गया था कि सरकार बनने पर दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।

प्रेस कांफ्रेंस में प्रमुख रूप से तात्कालीन कांग्रेस नेता आर.पी.एन. सिंह उपस्थित थे। जो वर्तमान में भाजपा मे शामिल हो गए है। भूपेश बघेल जी के नेतृत्व में सरकार के गठन के पश्चात उसी दिन तत्काल ही किसानों के कर्ज की माफी का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। किसानों के कर्ज माफी का कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार का निर्णय भाजपा व उसके नेताओं को रास नहीं आया। भाजपा ने किसानों के कर्ज माफी के निर्णय का आज तक स्वागत नहीं किया है।

डॉ. रमन सिंह ने शराबबंदी का किया था ऐलान

मंत्री अकबर ने बताया कि अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान भाजपा के मुख्यमंत्री रहे डॉ. रमन सिंह बार-बार छत्तीसगढ़ में शराबबंदी लागू करने का ऐलान करते रहे। डॉ. रमन सिंह ने अन्य राज्यों में अपने दौरे में छ.ग. में शराब बंदी की बात कहीं थी। लेकिन शराबबंदी करना तो दूर, विचार तक नहीं किया। मोहम्मद अकबर ने तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा शराबबंदी की घोषणा के दस्तावेज भी प्रस्तुत किये। मंत्री अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक सांसद विजय बघेल को यह जानकारी होनी चाहिए कि तत्कालीन सरकार के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शराबबंदी की घोषणाा करते रहे हैं। उल्लेखनीय है कि घोषणा पत्र समिति के संयोजक बनने के पश्चात सांसद विजय बघेल ने दावा किया था कि भाजपा ने शराबबंदी करने की बात कभी नहीं की।

शराबबंदी के लिए भूपेश बघेल सरकार गंभीर

मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि शराबबंदी की दिशा में भूपेश बघेल सरकार पूरी तरह गंभीर है। वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री श्री सत्यनारायण शर्मा की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। जो शराबबंदी के संबंध में अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उल्लेखनीय बात यह कि भाजपा ने इस समिति के लिए नाम मांगे जाने के बावजूद आज तक अपनी ओर से नाम नहीं सुझाए हैं।

शराब व्यसन मुक्ति अभियान – 2,626 वाहिनी गठित

जानकारी देेते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि नशे के दुष्परिणामों के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए समाज कल्याण विभाग की निगरानी में अभियान शुरू किया गया है। लोगों को व्यसन के दुष्प्रभाव से जागरूक करने और व्यसन की प्रवृत्ति को रोकने के लिए छत्तीसगढ़ में 02 हजार 626 भारत माला वाहिनी का गठन किया गया है। इन वाहिनियों के माध्यम से समाज कल्याण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ में नशा मुक्ति के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786

× How can I help you?