लोकतंत्र सेनानियों को अब मिलेगा राजकीय सम्मान: अंतिम संस्कार पर सम्मान और आर्थिक सहायता की घोषणा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि राज्य में लोकतंत्र सेनानियों के अंतिम संस्कार अब राजकीय सम्मान के साथ किए जाएंगे। इसके साथ ही उनके परिजनों को ₹25,000 की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री यह घोषणा सीएम हाउस में आयोजित आपातकाल स्मृति दिवस कार्यक्रम के दौरान कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री, विधायक और सांसद भी उपस्थित थे। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित भी किया गया।

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए संचालित योजनाओं को बंद कर दिया था। बीते पांच वर्षों में सेनानियों को उनकी सहायता राशि नहीं दी गई। अब मौजूदा सरकार वह बकाया राशि भी प्रदान करेगी।

आपातकाल को बताया काला अध्याय

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय था, जिसे हर पीढ़ी को जानना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि उनका परिवार भी इससे प्रभावित रहा है। उनके बड़े पिताजी 19 महीने जेल में रहे, और उन्होंने कई ऐसे परिवारों को देखा जो कमाऊ सदस्य की गिरफ्तारी के कारण बर्बादी के कगार पर पहुंच गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए लोकतंत्र सेनानियों की सुध लेना सरकार का नैतिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह निर्णय लोकतंत्र की रक्षा में संघर्ष करने वाले सेनानियों के सम्मान और योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि माना जा रहा है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786