मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, व्यापार और निवेश को लेकर किए बड़े ऐलान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया और प्रदेश के विकास में व्यापारियों की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में चैंबर का योगदान सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए हमें मिलकर छत्तीसगढ़ को विकास के शिखर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में व्यापार और उद्योग के लगातार बढ़ते प्रभाव के कारण जीएसटी कलेक्शन के मामले में राज्य देश में अग्रणी बनता जा रहा है।

चैंबर के अध्यक्ष सतीश थौरानी, महामंत्री अजय भसीन, और कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस मौके पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री ने संगठन की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि 62 साल पुराने इस चैंबर से 12 लाख व्यापारी जुड़े हैं और पहली बार सर्वसम्मति से चुनाव होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

व्यापारियों को मिली कई रियायतें:
मुख्यमंत्री साय ने छोटे व्यापारियों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि ई-वे बिल की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये की गई है। पेट्रोल पर वैट में ₹1 प्रति लीटर की कटौती की गई है। इसके अलावा, 25 हजार रुपये तक की वैट देनदारी वाले 10 साल पुराने लंबित मामलों को माफ कर दिया गया है, जिससे 40,000 व्यापारियों को राहत मिली है।

औद्योगिक निवेश को मिली रफ्तार:
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से राज्य में ₹4.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर प्लांट का भूमिपूजन हो चुका है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर मीट में व्यापारियों और उद्योगपतियों का उत्साह देखने लायक रहा। उन्होंने चैंबर के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे सरकार की औद्योगिक नीति का अधिक से अधिक प्रचार करें ताकि निवेशकों को आकर्षित किया जा सके।

राज्य का बजट और अर्थव्यवस्था:
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बजट अब ₹1.6 लाख करोड़ तक पहुंच चुका है। दो साल का धान बोनस और रिकॉर्ड धान खरीदी ने किसानों की स्थिति मजबूत की है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि ऑटोमोबाइल बिक्री में भी छत्तीसगढ़ देश में शीर्ष पर है।

अन्य वक्ताओं के विचार:
पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि उद्योग और सरकार दोनों जब साथ मिलकर काम करते हैं, तो विकास की रफ्तार बढ़ती है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने चैंबर की सर्वसम्मति से हुई चुनाव प्रक्रिया की प्रशंसा करते हुए गर्मी के मौसम में समाज सेवा के लिए भी सदस्यों को प्रेरित किया।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786