धान खरीदी को लेकर 10 दिसंबर को पूरे प्रदेश में होगा कांग्रेस का हल्लाबोल

रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने धान खरीदी में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर मुहिम शुरू की है। इस मुद्दे को लेकर पक्ष विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है, इसी बीच अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने धरना प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। प्रेस वार्ता कर बैज ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था फैली हुई है। इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी 10 दिसंबर को पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन करेगी।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी तीन दिसंबर से धान खरीदी केंद्र चलो अभियान चला रही है, जिसमें हमारे तमाम वरिष्ठ नेता कई क्षेत्रों में गए और किसानों से चर्चा की, जिसमें धान खरीदी में कई अव्यवस्था सामने आई, टोकन को लेकर किसानों को काफी समस्या हो रही है, सोसाइटियों में धान का उठाव अभी तक नहीं हो पाया है, सरकार ने कहा था 21 क्विंटल धान खरीदी करेंगे, लेकिन पूरे धान केंद्रों में इसके मुताबिक खरीदी नहीं की जा रही है। सरकार किसानों से झूठ बोल रही है, वहीं सरकार में आई तमाम प्रकार के समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी 10 दिसंबर को पूरे प्रदेश में धरना देंगी।

भाजपा ने अनर्गल प्रलाप का लगाया आरोप

कांग्रेस के आंदोलन के ऐलान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने धान खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा आंदोलन करने की घोषणा को कांग्रेस की बौखलाहट का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी को लेकर कांग्रेस के नेता जिस तरह अनर्गल प्रलाप करके धान खरीदी की समूची प्रक्रिया के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर प्रदेश को गुमराह करने में लगे हैं, वह कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र ही है। कांग्रेस का यह झूठ कभी परवान नहीं चढ़ पाएगा।

‘कांग्रेस के नेता भी उठा रहे हैं सरकार की योजना का लाभ’

शिवरतन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के तीन-तीन पूर्व मंत्री टोकन नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं। यह कांग्रेस का एक और नया झूठ है। हम यह आंकड़ा पेश कर सकते हैं कि धान खरीदी से कितने कांग्रेसी नेता और पूर्व मंत्री लाभान्वित हुए हैं, किन-किन कांग्रेस नेताओं ने कितना-कितना धान बेचा है और उसका कितना भुगतान उनके खातों में जमा हुआ है? श्री शर्मा ने कहा कि यह बेहद आश्चर्य की बात है कि कांग्रेस सरकार के अनेक पूर्व मंत्री तक यह स्वीकार कर रहे हैं कि पहले कुछ दिक्कत थी अब दिक्कत नहीं है। तब कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों की टोकन नहीं मिलने की बात हास्यास्पद और सफेद झूठ साबित हो रही है। इसी प्रकार कांग्रेस सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी स्वीकार किया है कि पहले सोसाइटी में धान खरीदने के लिए बारदाने के लिए परेशानियां होती थी, लेकिन अब बारदाने सोसाइटियों में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। शर्मा ने कहा कि चूंकि अभी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव सामने हैं, तो अपने वजूद की तलाश के लिए कांग्रेस नेता आंदोलन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786

× How can I help you?