भारत का तेल-गैस आयात बिल अक्टूबर में 60% बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंचा

नई दिल्ली
भारत का तेल एवं गैस इंपोर्ट बिल अक्टूबर में 60 प्रतिशत बढ़कर 16 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। पेट्रोलियम मंत्रालय के तहत आने वाले पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (पीपीएसी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। ब्रेंट कच्चे तेल की औसत कीमत सालाना आधार पर लगभग दोगुनी होकर 124.77 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने के चलते इम्पोर्ट बिल बढ़ा। अक्टूबर 2025 में नेट इम्पोर्ट बिल 10 अरब डॉलर था।

कहां कितना हुआ खर्च
हालांकि, मात्रा के हिसाब से कच्चे तेल का आयात केवल 11 प्रतिशत बढ़कर 2.33 करोड़ टन रहा। तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्च हुए, जबकि पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई।

क्रू़ड ऑयल ने बढ़ाया बोझ
ब्रेंट कच्चे तेल की औसत कीमत सितंबर में 116.77 डॉलर और अक्टूबर 2025 में 64.75 डॉलर प्रति बैरल थी। अक्टूबर में भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की औसत कीमत 119.91 डॉलर प्रति बैरल रही, जो एक साल पहले 65.08 डॉलर थी।

अप्रैल से अक्टूबर तक एनर्जी प्रोडक्ट के आयात में कितना हुआ खर्च
अप्रैल-अक्टूबर के दौरान नेट इम्पोर्ट बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 70.3 अरब डॉलर था। इस दौरान मात्रा के हिसाब से कच्चे तेल का आयात 2.7 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इस पर 111 अरब डॉलर खर्च हुए, जबकि एक साल पहले यह खर्च 72.3 अरब डॉलर था।

LPG की बिक्री में गिरावट
पीपीएसी के आंकड़ों के अनुसार तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की खपत अक्टूबर में 12.3 प्रतिशत और अप्रैल-अक्टूबर के दौरान 15.1 प्रतिशत घट गई। एक नवंबर को सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या 32.6 करोड़ रही, जो एक अप्रैल के 33.4 करोड़ से कम है।

सरकारी कंपनियों की घरेलू एलपीजी बिक्री अक्टूबर में 11.8 प्रतिशत और थोक एलपीजी बिक्री 49.1 प्रतिशत कम हुई। हालांकि, ऑटो एलपीजी की बिक्री में 23.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

डीजल की खपत में भी गिरावट
रिपोर्ट के अनुसार डीजल की खपत में 12 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। अक्टूबर के महीने में देश में कुल 8.5 मिलियन टन डीजल की खपत हुई है। हालांकि, इस पेट्रोल की खपत में 3.5 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है। कुल पेट्रोल प्रोडक्ट्स की खपत में 2.7 प्रतिशत का इजाफा अक्टूबर के महीने में दर्ज किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अक्टूबर में 20.50 मिलियन टन के पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की खपत हुई है।

नेचुरल गैस की खपत में कुल 7.27 प्रतिशत की गिरावट अक्टूबर के महीने में देखने को मिली है। इस महीने 5707 मिलियन स्टैंडर्स क्यूबिक मीटर की खपत हुई है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786