कनाडा में अंतरराष्ट्रीय कार चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो पंजाबी युवकों समेत 12 गिरफ्तार

चंडीगढ़.

कनाडा में वाहन चोरी और उन्हें विदेश भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पील रीजनल पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पंजाब मूल के दो युवक भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और अलग-अलग ठिकानों से चोरी के 96 वाहन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 45 लाख कनाडाई डॉलर (लगभग 37 करोड़ रुपये) बताई गई है। जांच के दौरान आरोपियों पर कुल 231 आरोप लगाए गए हैं।

ब्रैम्पटन के गोदाम से शुरू हुई जांच
पील रीजनल पुलिस ने कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (सीबीएसए) के साथ मिलकर मार्च 2026 में 'प्रोजेक्ट कैडेटा' नाम से जांच शुरू की थी। शुरुआत में ब्रैम्पटन के एक गोदाम पर ध्यान केंद्रित किया गया। आरोप था कि चोरी के वाहनों को यहां लाकर छिपाया जाता था। बाद में इन्हें शिपिंग कंटेनरों में भरकर कनाडा के बंदरगाहों के रास्ते पश्चिम अफ्रीकी देशों में भेजने की तैयारी की जाती थी। जांच आगे बढ़ने पर ग्रेटर टोरंटो एरिया (जीटीए) और आसपास के इलाकों में फैले बड़े नेटवर्क का पता चला। पुलिस के अनुसार, पांच मुख्य आरोपी वाहनों की चोरी, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने और विदेश भेजने की व्यवस्था संभालते थे। गिरोह के अन्य सदस्य वाहनों को अलग-अलग ठिकानों तक पहुंचाने में मदद करते थे।

कई चरणों में छापेमारी, आगे भी हो सकती हैं गिरफ्तारियां
पुलिस ने सितंबर, अक्टूबर और नवंबर के पहले सप्ताह में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरफ्तारियां कीं। इस दौरान लग्जरी एसयूवी और पिकअप ट्रक समेत 96 चोरी के वाहन शिपिंग कंटेनरों से बरामद किए गए। गिरफ्तार 12 आरोपियों में से नौ पर आरोप तय कर उन्हें अगली सुनवाई की तारीख के साथ रिहा कर दिया गया। बाकी तीन आरोपियों को पहले जमानत सुनवाई के लिए हिरासत में रखा गया था। बाद में उन्हें भी रिहा कर दिया गया।
पील रीजनल पुलिस के डिप्टी चीफ निक मिलिनोविच ने कहा कि इस कार्रवाई से सड़क स्तर पर वाहन चोरी करने वालों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वाहनों के निर्यात का प्रबंध करने वाले लोगों तक फैली संगठित आपूर्ति शृंखला को तोड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, पील क्षेत्र में 2023 में चरम पर पहुंची वाहन चोरी की घटनाओं में अब 50 फीसदी से अधिक की कमी आई है। वर्ष 2026 में अब तक इनमें 10 फीसदी की और गिरावट दर्ज की गई है।

सीबीएसए ने भी खुफिया जानकारी साझा करने और संदिग्ध कंटेनरों की जांच में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक, आपराधिक मामलों की सुनवाई पूरी होने के बाद कुछ आरोपियों के खिलाफ कनाडा में आव्रजन संबंधी कार्रवाई भी हो सकती है। जांच जारी है और पुलिस ने आगे और आरोप तय किए जाने की संभावना जताई है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786