घायल बाघ पी-243 का सफल ट्रैंक्युलाइजेशन एवं सर्जरी, बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में उपचार जारी

पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर क्षेत्र में विस्थापित ग्राम गहदरा के क्षेत्र में आज 14 नवंबर 2026 को लगभग 11 वर्ष आयु का नर बाघ पी-243 घायल अवस्था में पाया गया। जाँच में पाया गया कि बाघ की दोनों आँखों के बीच गहरा घाव है। घाव की गहराई और उसके स्थान को देखते हुए इसके अपने आप ठीक होने की संभावना लगभग नहीं थी। उपचार न मिलने पर संक्रमण फैलने और बाघ की दृष्टि एवं शिकार करने की क्षमता प्रभावित होने का खतरा था। इसलिए तत्काल चिकित्सकीय हस्तक्षेप का निर्णय लिया गया।

ट्रैंक्युलाइजेशन एवं सर्जरी

वन्यप्राणी चिकित्सा के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बाघ को आज सुबह 10:00 बजे सुरक्षित रूप से ट्रैंक्युलाइज किया गया। इसके बाद घाव की सूक्ष्म सर्जरी कर आवश्यक उपचार किया गया। सर्जरी के बाद बाघ को आगे के उपचार एवं सतत निगरानी हेतु बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में रखा गया है।

बाघ का उपचार पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। चिकित्सकीय दल बाघ के स्वास्थ्य, घाव भरने की प्रगति एवं व्यवहार पर लगातार नजर रखे हुए है।

बाघिन टी-2 की संतान

बाघ पी-243, बाघिन टी-2 के चौथे लिटर की तीसरी संतान है। बाघिन टी-2 पन्ना के बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम की संस्थापक बाघिनों में से एक है। उसे वर्ष 2009 में कान्हा टाइगर रिजर्व से पन्ना लाया गया था। उसकी संतानों ने पन्ना में बाघों की आबादी को फिर से स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टीम का योगदान

बाघ का ट्रैंक्युलाइजेशन, सर्जरी एवं उपचार सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस कार्य में सहायक संचालक पन्ना, परिक्षेत्र अधिकारी गंगऊ एवं हिनौता तथा मैदानी अमले का सराहनीय योगदान रहा। मैदानी अमले ने घायल बाघ की स्थिति का पता लगाने, उसकी निगरानी करने तथा ट्रैंक्युलाइजेशन के दौरान क्षेत्र को सुरक्षित रखने में तत्परता से कार्य किया।

नागरिकों से अपील

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन आसपास के ग्रामीणों एवं नागरिकों से अपील करता है कि यदि वे किसी वन्यप्राणी को घायल, बीमार या असामान्य अवस्था में देखें, तो उसके पास न जाएँ। इसकी सूचना तत्काल निकटतम वन कार्यालय अथवा वन अमले को दें, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786