हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का 5-6 नवंबर को हड़ताल का ऐलान, दो दिन यात्रियों को होगी परेशानी

चंडीगढ़
 हरियाणा में दीवाली से पहले रोडवेज कर्मचारियों का गुस्सा फूटेगा, जिससे बस यात्रियों को दो दिन परेशानी झेलनी पड़ सकती है। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने मांगों को लेकर 5 और 6 नवंबर को दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है।

इसकी तैयारियों के तहत प्रदेश के सभी डिपो में गेट मीटिंग आयोजित कर कर्मचारियों को एकजुट किया जा रहा है। यूनियन हरियाणा के वरिष्ठ नेता निशान सिंह, जयबीर घणघस और अनूप लाठर ने कहा कि यह हड़ताल केवल कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी परिवहन व्यवस्था, सस्ती यात्रा और युवाओं के रोजगार को बचाने की लड़ाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निजी परमिट, किलोमीटर स्कीम और महंगी ठेके की इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से रोडवेज को कमजोर किया जा रहा है। अनूप लाठर ने कहा कि निजी सोसाइटी की बसों में बुजुर्गों, छात्रों और महिलाओं को सरकारी बसों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

उन्होंने प्रत्येक गांव तक सरकारी बस सेवा पहुंचाने और स्कूल-कालेज के समय छात्राओं के लिए विशेष बसें चलाने की मांग की, ताकि उनकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। यूनियन की ओर से सरकार को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा जा चुका है।

इसमें सरकारी बसों का बेड़ा बढ़ाने, स्थायी भर्ती करने और लंबित आर्थिक मांगें लागू करने की मांग शामिल है। कर्मचारियों की अन्य प्रमुख मांगों में चालकों व परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाना, उपनिरीक्षकों के रिक्त पदों पर पदोन्नति, 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करना, बकाया बोनस देना, हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को नियमित करना, काटी गई अर्जित छुट्टियां बहाल करना और जोखिम भत्ता देना शामिल है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786