कटनी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के आधुनिकीकरण की मांग तेज! राजनाथ सिंह से मिले विधायक, शिफ्टिंग का भी प्रस्ताव

कटनी 

मध्यप्रदेश के कटनी जिले के मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर कटनी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के आधुनिकीकरण और शहर से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्थानीय मुद्दे को उठाया है। विधायक ने फैक्ट्री में प्लांट एवं मशीनरी के आधुनिकीकरण की मांग करते हुए आरओबी निर्माण के कारण बजरिया क्षेत्र में होने वाली आवागमन की समस्या पर भी ध्यान आकर्षित कराया है।

दरअसल, कटनी जिले के मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे के साथ जबलपुर पहुंचे थे। जहां उन्होंने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान विधायक ने देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को ताकत देने और मजबूत करने के उद्देश्य से कटनी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में प्लांट एवं मशीनरी के आधुनिकीकरण की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने कटनी शहर से जुड़े एक अहम स्थानीय मुद्दे को भी रक्षा मंत्री के समक्ष रखा है। 

आवागमन पूरी तरह प्रभावित होगा
विधायक ने पत्र के माध्यम से बताया कि ऑर्डिनेंस फैक्ट्री क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कारण वर्तमान बजरिया के सामने स्थित फैक्ट्री गेट बंद हो जाएगा। इससे उस मार्ग से लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित होगा। ऐसे में बजरिया को साउथ स्टेशन के समीप स्थानांतरित करने की आवश्यकता है, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इन दोनों विषयों को लेकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के माध्यम से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी पत्र सौंपा गया है। विधायक संदीप जायसवाल के अनुसार, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों मामलों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई और स्वीकृति के लिए आश्वासन दिया है। अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि इन मांगों पर अमल कब तक शुरू होता है। 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786