बिहार पुलिस में नौकरी लगते ही पत्नी फरार! पति ने प्रेमी संग भागने का लगाया आरोप

रोहतास
बिहार में रोहतास जिले के डालमियानगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे चर्चित पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या से जुड़ा मामला याद आने लगा. जिले में रहने वाले एक शख्स का आरोप है कि उसने शादी के बाद अपनी पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और जब बिहार पुलिस में उसकी नौकरी लग  गई तो वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. पत्नी के इस तरह चले जाने के बाद पति ने डालमियानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, डालमियानगर थाना क्षेत्र के प्रयाग बिगहा निवासी अजय सिंह की शादी 26 जनवरी 2025 को अर्चना भारती के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. परिवार और समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे के साथ जिंदगी गुजारने का संकल्प लिया. शादी के शुरुआती छह महीने तक सब कुछ सामान्य रहा और अर्चना अपने ससुराल में पति के साथ रह रही थी। 

पिछले साल हुई थी शादी
पति अजय सिंह का आरोप है कि शादी के बाद उन्होंने अपनी पत्नी की पढ़ाई-लिखाई में पूरा सहयोग किया. इसी दौरान उनकी पत्नी की बिहार पुलिस में नौकरी लग गई. अजय के मुताबिक, पत्नी की नौकरी लगने के बाद उसे ट्रेनिंग के लिए जाना था और इसी बीच 3 जुलाई 2026 को वह कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। 

'चैट करते हुए पकड़ा था…'
अजय सिंह का दावा है कि उनकी पत्नी अर्चना भारती का डेहरी इलाके के गांधी नगर निवासी विवेक नामक युवक के साथ पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. पति के मुताबिक, अर्चना को कथित प्रेमी के साथ मोबाइल पर चैट करते हुए परिवार के लोगों ने पहले भी पकड़ा था. उस वक्त परिवार के सदस्यों ने समझाया-बुझाया तो मामला शांत हो गया और अर्चना ने भविष्य में ऐसी कोई बात नहीं होने का भरोसा दिया, लेकिन पति का आरोप है कि इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। 

पीड़ित पति के मुताबिक, जब अर्चना की बिहार पुलिस में नौकरी लग गई तो उसे लगा कि अब हालात बेहतर होंगे. लेकिन इसके कुछ ही वक्त बाद वह कथित प्रेमी के साथ घर से चली गई. अजय का आरोप है कि घर से जाते वक्त उसकी पत्नी शादी के आभूषण और कैश भी अपने साथ ले गई। 

'भरोसे के बावजूद छोड़ा साथ…'
अजय सिंह डेहरी डालमियानगर परिषद में प्राइवेट काम करते हैं. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी को शादी के बाद पढ़ाने-लिखाने से लेकर नौकरी की तैयारी तक हर मुमकिन मदद दी. पति का आरोप है कि उसकी मेहनत और भरोसे के बावजूद पत्नी साथ छोड़कर चली गई। 

पत्नी के अचानक घर से चले जाने के बाद अजय सिंह ने डालमियानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस से अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

इस पूरे मामले को लेकर रोहतास के एसपी राज से भी जानकारी लेने की कोशिश की गई. हालांकि, उन्होंने कैमरे के सामने बयान देने से इनकार किया. एसपी ने बताया कि मामला निजी प्रकृति का है और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। 

पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाहिता किन परिस्थितियों में घर से गई, उसके साथ कौन था और पति की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है. वहीं, महिला पुलिसकर्मी और उसके कथित प्रेमी के संबंध में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। 

बदलते रिश्तों पर सवाल…
मामला सामने आने के बाद एक बार फिर शादी, भरोसे और बदलते रिश्तों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि, इस पूरे मामले में पति की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. पीड़ित पति अपनी पत्नी के वापस लौटने या पूरे मामले में न्याय मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है। 

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786