सुल्तानपुर में पुलिस मुठभेड़, 5 तस्कर गिरफ्तार; 5 करोड़ की मॉर्फिन बरामद

सुल्तानपुर
यूपी के सुल्तानपुर में शुक्रवार तड़के पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। अखंडनगर क्षेत्र में सहजनपुर अंडरपास के पास हुई कार्रवाई में पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की 1.8 किलोग्राम अवैध मॉर्फिन, तमंचे, कारतूस और दो कारें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 14 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला गिरोह किसी स्थान पर माल की डिलीवरी के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अखंडनगर क्षेत्र में सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी
इसी दौरान पुलिस को एक बलेनो और एक वरना कार आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली लगने से दो तस्कर घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों की पहचान बलरामपुर के जैतपुर निवासी खुर्शीद आलम और सुल्तानपुर के बल्दीराय निवासी प्रशांत सिंह के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से तमंचे, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद हुए। उनके तीन अन्य साथियों रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

5 करोड़ की मार्फिन बरामद हुई
पुलिस ने दोनों कारों की तलाशी ली तो उनमें कुल 1 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पाउडर बरामद हुआ। जांच में इसकी पहचान मॉर्फिन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद मॉर्फिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। सीओ कादीपुर विनय कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अहम खुलासे किए हैं।

यूपी के कई जिलों में होनी थी तस्करी
आरोपियों के मुताबिक, वे मॉर्फिन ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में विभिन्न रास्तों के जरिए इसकी डिलीवरी करते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786