भोपाल
प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत15 दिनों के दौरान विभिन्न जिलों की पुलिस ने चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों का सफल खुलासा करते हुए लगभग 1 करोड़ 50 लाखरुपए से अधिक मूल्य के चोरी गए आभूषण, मोबाइल फोन, वाहन, नकदी एवं अन्य सामान जब्त किया है।
प्रमुख कार्यवाहियाँ
इंदौर
थाना लसूडिया पुलिस ने ई-ऑटो में पहले से सवारी बैठाकर यात्रियों के बैग से सामान चोरी करने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण तथा अपराध में प्रयुक्त महिंद्रा ई-ऑटो सहित लगभग 24 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की। गिरोह का मुख्य सरगना उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है।
इसके अतिरिक्त पुलिस थाना जूनी इंदौर ने नकबजनी की दो वारदातों का सफल खुलासा करते हुए घरों में केयरटेकर बनकर चोरी करने वाली एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लगभग 10 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी बरामद की। मामले के खुलासे के लिए तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग किया गया।इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने कुल 34 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है
उज्जैन
थाना खाचरोद पुलिस ने चोरी का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड सहित 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा लगभग 33 लाख रूपए के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए।
कटनी
बरही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा लगभग 25 लाख रूपए के सोने-चांदी के आभूषण एवं चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त की।
गुना
पुलिस ने भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए आगरा के दो अंतर्राज्यीय गिरोहों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मंगलसूत्र एवं दो कार सहित लगभग 20 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है।
अशोकनगर
पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी गई सामग्री एवं दो मोटरसाइकिल सहित लगभग 13 लाख 35हजार रूपए की संपत्ति जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इसके अतिरिक्त अशोकनगर पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चैन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो अंतरजिला आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई दो सोने की चैन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख है, बरामद की गई।
इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 18 लाख 35 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
खरगोन
सब्जी बाजार क्षेत्र में जेब से मोबाइल चोरी करने वाले पारदी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 09 महंगे मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 4 लाख 55 हजार रूपए कीसंपत्तिजब्त की है।
भोपाल ग्रामीण
पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित एसआईटी ने 12 मंदिर चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए इनामी बदमाश सहित 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से16 चांदी के मुकुट सहित लगभग 4 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है।
जीआरपी जबलपुर
जीआरपी थाना जबलपुर की टीम ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 3 लाख 52 हजार रूपए के चोरी गए आभूषण जब्त किए।
शाजापुर
थाना बेरछा पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी से 58हजार 500रूपए के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए।
वहीं थाना सुनेरा पुलिस ने मात्र 24 घंटे में चोरी का खुलासा कर 1 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है।
इसके अतिरिक्त मोहन बड़ोदिया पुलिस ने गैस गोदाम चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 05 घरेलू गैस सिलेंडर, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल सहित लगभग 1 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है।
इस प्रकार तीनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 2 लाख 58 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
खंडवा
थाना मान्धाता कीचौकी मोरटक्कापुलिस ने रेलवे पुल से लोहे की सेंटरिंग प्लेट चोरी कर ले जा रहे आरोपी को गिरफ्तार कर 10 सेंटरिंग प्लेट एवं ऑटो रिक्शा सहित लगभग 2 लाख 20 हजार रूपए की संपत्ति जब्त किया।
छिंदवाड़ा
उमरानाला पुलिस ने तीन चोरी के प्रकरणों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल, एक्टिवा एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 1 लाख 50 हजार रूपए की चोरी गई संपत्ति जब्त की।
राजगढ़
सारंगपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्षु के अंतर्गत तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से बस में बैग चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा लगभग 62 हजार रूपए मूल्य की चोरी गई संपत्ति जब्त की है।
संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने, पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने तथा चोरी गई संपत्ति बरामद कर उन्हें वापस दिलाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक एवं प्रभावी विवेचना के माध्यम से अपराधियों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें।








