यूएस ओपन विजेता डोमिनिक थीम अब ऑस्ट्रिया में खेलेंगे फुटबॉल

नई दिल्ली
पूर्व वर्ल्ड नंबर-3 डोमिनिक थीम ने अपने स्पोर्ट्स करियर में नई शुरुआत करने का फैसला किया है. टेनिस से संन्यास लेने के दो साल बाद थीम अब प्रतिस्पर्धी फुटबॉल खेलते नजर आएंगे. उन्होंने ऑस्ट्रिया के आठवें डिवीजन के क्लब बैडनर एसी (Badener AC) से जुड़ने का फैसला किया है. 32 वर्षीय थीम का यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह टेनिस कोर्ट पर वापसी नहीं कर रहे, बल्कि पूरी तरह अलग खेल में अपना सफर शुरू कर रहे हैं.

डोमिनिक थीम को कभी 'बिग-3' के सबसे बड़े चुनौती देने वाले खिलाड़ियों में गिना जाता था. उन्होंने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर यूएस ओपन 2020 में मेन्स सिंगल्स खिताब अपने नाम किया था. लेकिन 2021 में लगी गंभीर कलाई की चोट उनके करियर पर भारी पड़ गई. महीनों तक कोर्ट से बाहर रहने के बाद भी वह पहले जैसी लय हासिल नहीं कर सके. उनकी रैंकिंग लगातार गिरती गई और आखिरकार उन्होंने मार्च 2024 में संन्यास लेने का फैसला कर लिया.

रिटायरमेंट मैच में मिली थी हार
डोमिनिक थीम ने अपना आखिरी ग्रैंड स्लैम मुकाबला 2024 के यूएस ओपन में खेला, जहां उन्हें पहले दौर में बेन शेल्टन ने हराया. इसके बाद 22 अक्टूबर 2024 को वियना ओपन में इटली के लुसियानो डार्डेरी के खिलाफ उन्होंने अपने करियर का आखिरी मुकाबला खेला. करीब 10 हजार दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में सीधे सेटों में हार के बाद थीम को स्टैंडिंग ओवेशन मिला था. उन्होंने अपना रैकेट कोर्ट पर रखे एक कांच के बॉक्स में रखकर भावुक अंदाज में टेनिस को अलविदा कहा.

संन्यास के समय डोमिनिक थीम ने कहा था कि चोट के बाद वह कभी अपने पुराने स्तर तक नहीं लौट सके, लेकिन उन्हें अपने फैसले का कोई अफसोस नहीं है. टेनिस छोड़ने के बाद थीम ने अपने गृहनगर के क्लब एससी लिचटेनवर्थ (SC Lichtenwrth) के लिए 10 प्रतिस्पर्धी मैच खेले और एक गोल भी किया. इसी प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपने दोस्त के जरिए बैडनर एसी जॉइन किया.

हालांकि क्लब मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि थीम को किसी तरह की विशेष छूट नहीं मिलेगी. उन्हें बाकी खिलाड़ियों की तरह ट्रेनिंग करनी होगी और स्टार्टिंग इलेवन में जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी. क्लब के अधिकारी ने स्थानीय मीडिया से कहा, 'हमने सुना है कि वह अच्छे फुटबॉलर भी हैं. हमें उम्मीद है कि वह हमारी टीम के लिए नियमित रूप से खेलेंगे.'

हजारों दर्शकों की तालियों से लेकर स्थानीय लीग के मुकाबलों तक का यह सफर उनके लिए सिर्फ खेल बदलने का नहीं, बल्कि प्रतिस्पर्धा के प्रति अपने जुनून को जिंदा रखने का नया तरीका है. डोमिनिक थीम के लिए यह दूसरा करियर है, लेकिन लक्ष्य वही है- मैदान पर उतरना, जीत के लिए लड़ना और खेल का लुत्फ उठाना.

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786