आरती राव बनीं हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की नई अध्यक्ष

 पंचकूला
 हरियाणा में पैरा खेलों को नई दिशा मिलेगी और पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह सब संभव होगा प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के प्रयासों से। वे अपने पिता केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के सपने को पूरा करेंगी।

पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की नई गवर्निंग बॉडी का निर्वाचन रविवार को पंचकूला स्थित रेड बिशप होटल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके बाद नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। आरती सिंह राव को अध्यक्ष चुना गया।

वहीं, अभिजीत सिंह को उपाध्यक्ष, पवन कुमार को महासचिव, एडवोकेट सचिन मलिक को सहसचिव तथा भीम सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं ज्योति कुमार, सुरेंद्र कुमार, राहुल सिंह, विमल यादव और नरसी राम को कार्यकारी सदस्य बनाया गया।

चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एडवोकेट विनय यादव की देखरेख में निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित की गई। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के सहसचिव देवाकर ने पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) के रूप में पूरी चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन किया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को अपना पहला कार्यालय भवन मिला है, जिससे संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राव इंद्रजीत सिंह के पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रहने के दौरान समिति को नई दिल्ली में स्थायी कार्यालय मिला और भारतीय पैरा खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान व सम्मान प्राप्त हुआ।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष आरती सिंह राव ने कहा कि नई गवर्निंग बॉडी हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों के हितों की रक्षा, प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अधिक अवसर दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786