PM मोदी की हरियाणा-पंजाब को बड़ी सौगात, हाइड्रोजन ट्रेन समेत ₹26,000 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

चंडीगढ़.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के साथ ही हरियाणा और पंजाब तथा दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में 26 हजार 800 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

जींद की धरती से हरियाणा में 14 हजार 700 करोड़, चंडीगढ़ में 6600 करोड़ और फिर जालंधर से पंजाब में 5470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। प्रधानमंत्री ने बुधवार को एक्स पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की तस्वीरें साझा की। वे शुक्रवार को सबसे पहले जींद पहुंचेंगे, जहां सुबह 11 बजे जींद-सोनीपत के बीच हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। एकलव्य स्टेडियम में दर्जनभर विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण के बाद जनसभा होगी।

20 राज्यों में विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन
यहां से प्रधानमंत्री चंडीगढ़ जाएंगे, जहां दोपहर करीब 1:45 बजे स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके उपरांत जालंधर पहुंचकर रेल एवं सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से 20 राज्यों में विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाते ही भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा, जहां हाइड्रोजन संचालित ट्रेनें परिचालन में हैं। प्रधानमंत्री हरियाणा में 12 हजार 470 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

दिल्ली से अमृतसर की यात्रा सिर्फ चार घंटे में
157.92 किलोमीटर लंबे चार मार्गी दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे (पैकेज-1 से 5) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस पर 9680 करोड़ रुपये की लागत आई है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे बनने से दिल्ली से कटरा की यात्रा लगभग 14 घंटे से घटकर छह घंटे तथा दिल्ली से अमृतसर की यात्रा आठ घंटे से घटकर चार घंटे रह जाएगी। प्रधानमंत्री 33.81 किलोमीटर लंबे चार मार्गी अंबाला-कालाअंब हाईवे (एनएच-7 एवं एनएच-344) का उद्घाटन करेंगे, जिससे हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। 40.60 किलोमीटर लंबे जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे (एनएच-352ए) के उद्घाटन के बाद जींद और गोहाना के बीच यात्रा समय दो घंटे से घटकर 40 मिनट रह जाएगा। साथ ही रोहतक, पानीपत और दिल्ली-एनसीआर से संपर्क बेहतर होगा।

सिख संग्रहालय की आधारशिला
इसके अलावा 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा, जिसमें मौजूदा सड़क को दो/चार लेन में विकसित किया जाएगा। मोदी कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक राष्ट्र को समर्पित करने के बाद कुरुक्षेत्र के उमरी में सिख संग्रहालय की आधारशिला रखेंगे। पंडित नेकीराम शर्मा सरकारी मेडिकल कालेज भिवानी तथा महर्षि च्यवन मेडिकल कालेज एवं राव तुलाराम अस्पताल कोरियावास (नारनौल) के लोकार्पण से चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा तथा एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ेगी।

एक छत के नीचे मिलेंगी जांच सुविधाएं
प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी 6600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीजीआइएमईआर चंडीगढ़ में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर तथा एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन करेंगे। 300 बेड वाला मदर एंड चाइल्ड सेंटर उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, गंभीर रूप से बीमार नवजात एवं बच्चों के उपचार के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर में न्यूरोलाजी, न्यूरोसर्जरी, न्यूरो-क्रिटिकल केयर और अत्याधुनिक जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। पीजीआइएमईआर में 150 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लाक की आधारशिला भी रखेंगे। पंजाब इंजीनियरिंग कालेज के कुरुक्षेत्र बायज हास्टल एवं मेस, सरकारी कालेज सेक्टर-46 के हास्टल ब्लाक का उद्घाटन तथा पैक में रिसर्च स्कालर्स हास्टल का शिलान्यास करेंगे। आइटी सिटी से कुराली तक छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे और जीरकपुर ग्रीनफील्ड बाइपास तथा अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे (एनएच-205ए) के पीआर-7 स्पर की आधारशिला रखेंगे।

आनंदपुर साहिब और माता चिंतपूर्णी तक पहुंच होगी आसान
जालंधर में प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 20 राज्यों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। करीब 1570 करोड़ की लागत से विकसित इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति और विरासत के अनुरूप तैयार किया गया है। दौलतपुर चौक-करटोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण करीब 830 करोड़ में हुआ है। यह पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत करेगी तथा श्री आनंदपुर साहिब और माता चिंतपूर्णी जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान बनाएगी।

मोदी करटोली-अंबाला ट्रेन सेवा तथा अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अतिरिक्त 3070 करोड़ से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन तथा 25.2 किलोमीटर लंबे छह लेन लुधियाना दक्षिणी ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला शामिल है। यह परियोजना लुधियाना और बठिंडा के बीच यात्रा समय कम करने के साथ-साथ प्रदेश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों की संपर्क व्यवस्था को और मजबूत करेगी।

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786