झालावाड़ में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, डॉक्टर भी चकित

झालावाड़
 राजस्थान के झालावाड़ जिले के हीरा कुंवर बा महिला चिकित्सालय में एक दुर्लभ मामला सामने आया है। शहर के भोई मोहल्ला निवासी अरुण कश्यप की पत्नी ज्योति कश्यप ने बुधवार दोपहर करीब 11:50 बजे सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। एक साथ चार नवजातों के जन्म की खबर से अस्पताल में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी नवजात समय से पहले जन्मे हैं। बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में नवजात गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश मीणा ने बताया कि चारों बच्चों का जन्म गर्भावस्था के लगभग 29 सप्ताह पूरे होने पर हुआ है। समयपूर्व प्रसव होने के कारण बच्चों का वजन सामान्य से काफी कम है और उनके फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं हो पाए हैं, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

कितना है बच्चों का वजन
डॉ. मीणा ने बताया कि तीन बच्चों का वजन करीब 1.1 किलोग्राम है, जबकि एक बच्ची का वजन 1.2 किलोग्राम है। सामान्य तौर पर 2.5 किलोग्राम या उससे अधिक वजन वाले नवजात को स्वस्थ माना जाता है। कम वजन और समयपूर्व जन्म के कारण चारों बच्चों को विशेष चिकित्सकीय निगरानी और उपचार दिया जा रहा है।

डॉक्टर बोले- बेहद दुर्लभ मामला
जनाना अस्पताल के रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. विशाल नागर और डॉ. विजय बाकोलिया लगातार बच्चों के स्वास्थ्य और विकास पर नजर बनाए हुए हैं। डॉ. विशाल नागर ने बताया कि मेडिकल साइंस के अनुसार एक मां द्वारा एक साथ चार बच्चों को जन्म देने के मामले बेहद दुर्लभ होते हैं। अनुमानतः ऐसे मामले आठ से साढ़े आठ हजार प्रसवों में एक बार देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि अपने चिकित्सकीय अनुभव में पहली बार उन्होंने एक साथ चार बच्चों का जन्म होते देखा है।

यह ज्योति कश्यप की दूसरी डिलीवरी है। इससे पहले उनकी करीब चार वर्ष की एक बेटी है। प्रसव के बाद मां की हालत सामान्य बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल के गायनी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल मां स्वस्थ हैं, जबकि चारों नवजातों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786