लुधियाना.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद अब कारोबारी जगत भी तेजी से डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उद्योगपति और व्यापारिक संगठन अपने दैनिक कार्यों में वर्चुअल मीटिंग, आनलाइन डीलर्स मीट, डिजिटल प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को शामिल करने की तैयारी कर रहे हैं।
कारोबारियों का मानना है कि डिजिटल माध्यम से जहां पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी, वहीं समय की बचत के साथ कामकाज की रफ्तार और उत्पादकता में भी बढ़ोतरी होगी। औद्योगिक क्षेत्र में अब पारंपरिक बैठकों की जगह आनलाइन बैठकों को प्राथमिकता देने की योजना बनाई जा रही है। कई कंपनियां अपने अधिकारियों, डीलर्स और कर्मचारियों के साथ नियमित मीटिंग अब डिजिटल प्लेटफार्म पर आयोजित करने की तैयारी में हैं। इसके अलावा प्रोडक्ट डिस्कशन, आर्डर फाइनलाइजेशन, ट्रेनिंग सेशन और प्रेजेंटेशन जैसे कार्य भी आनलाइन किए जाएंगे।
कारोबारियों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था अपनाने से यात्रा पर होने वाला खर्च काफी कम होगा। बड़े शहरों में ट्रैफिक और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। वर्चुअल बैठकों से समय की बचत होगी हीरो साइकिल लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एसके राय ने कहा कि आने वाला समय पूरी तरह डिजिटल तकनीक का है और कंपनियां इसकी भागीदारी लगातार बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश के बाद अब कई कार्य डिजिटल माध्यम से किए जाएंगे, ताकि पेट्रोल और डीजल की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि वर्चुअल बैठकों के जरिये समय की बचत होगी और कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी भी बढ़ेगी। इससे व्यापारिक फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे।
डिजिटल माध्यम से आसानी से होंगे काम
एवन साइकिल लिमिटेड के सीएमडी ओंकार सिंह पाहवा ने कहा कि उनकी कंपनी अब डीलर्स मीट और विभिन्न विभागों की बैठकों को आनलाइन करने पर विशेष जोर दे रही है। कई ऐसे कार्यों की पहचान की जा रही है, जिन्हें डिजिटल माध्यम से आसानी से किया जा सकता है। इससे वाहनों के इस्तेमाल को कम किया जा सकेगा और ईंधन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने प्लांट के अंदर भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए साइकिल और इलेक्ट्रिक व्हीकल का उपयोग बढ़ा रही है।









