चंडीगढ़
शिरोमणि अकाली दल ने 26 मई को होने वाले बठिंडा नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। बुधवार को पार्टी द्वारा जारी इस सूची में कुल 50 वार्डों में से 44 वार्डों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं, जबकि यह भी कहा गया है कि शेष 6 वार्डों के उम्मीदवारों के नाम भी जल्द ही घोषित किए जाएंगे। पार्टी के अनुसार, उम्मीदवारों के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति, जिसमें बठिंडा शहरी हल्का प्रभारी इकबाल सिंह बबली ढिल्लों, शहरी जिला अध्यक्ष सुशील कुमार गोल्डी और इंदरजीत सिंह बरार शामिल थे। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ चर्चा के बाद यह सूची जारी की है।
शिरोमणि अकाली दल के शहरी निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी इकबाल सिंह बबली ढिल्लों ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह इस बार भी नगर निगम चुनावों में पार्टी ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा भरोसा है कि पिछले 10 वर्षों से अकाली दल सरकार द्वारा किए गए कार्यों और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए शहर के निवासी पार्टी को चुनावों में जनादेश देंगे। इस मौके पर, जिला प्रेस सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने पहली सूची में शामिल उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।









