पठानकोट
प्रदेश में नगर निकाय चुनावों का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राज कमल चौधरी ने घोषणा करते हुए बताया कि राज्य के 104 स्थानीय निकायों, जिनमें आठ नगर निगम शामिल हैं, के लिए मतदान 26 मई को कराया जाएगा। मतगणना 29 में को कराई जाएगी।
चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 मई से शुरू होकर 16 मई तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 मई निर्धारित की गई है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने नामांकन दाखिल करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के आदेश भी दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्य पहले ही पूरा कर लिया है और अंतिम वोटर सूची 5 मई को प्रकाशित कर दी गई थी। इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य में राजनीतिक माहौल गर्म है और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी विपक्ष के लगातार हमलों का सामना कर रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी रणनीति बनाने में लगी हुई है।
सभी राजनीतिक दल अपने-अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनावों में सभी प्रमुख दल पूरी ताकत झोंकेंगे और यह मुकाबला आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।
जिन नगर निगमों में चुनाव होंगे उनमें बठिंडा, मोगा, पठानकोट, होशियारपुर, बटाला, मोहाली, अबोहर, बरनाला और कपूरथला शामिल हैं। राज्य सरकार ने पहले इन शहरी निकायों को भंग कर प्रशासकों की नियुक्ति की थी, जो चुनाव होने तक कामकाज संभाल रहे थे।
होशियारपुर और शाम चौरासी में मतदान टला
पंजाब में 104 स्थानीय निकायों के लिए आगामी 26 मई को मतदान और 29 मई को मतगणना होगी, लेकिन होशियारपुर और शाम चौरासी के मतदाताओं को अभी इंतजार करना होगा। राज्य चुनाव आयोग ने तकनीकी और प्रशासनिक कारणों के चलते इन दोनों स्थानों पर चुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए हैं।
होशियारपुर में मतदाता सूची का पेंच
पंजाब के चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि मतदाता सूची के संशोधन से जुड़े मुद्दों के कारण होशियारपुर में चुनाव तत्काल प्रभाव से नहीं करवाए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां चार से पांच महीने के भीतर चुनाव कराए जाने की संभावना है।
शाम चौरासी में वार्ड आरक्षण की अड़चन
होशियारपुर के साथ-साथ शाम चौरासी स्थानीय निकाय के चुनाव भी रोक दिए गए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम चौरासी में वार्डों के आरक्षण संबंधी तकनीकी मुद्दों के चलते यह फैसला लिया गया है। इन तकनीकी खामियों को दूर करने के बाद ही यहां चुनाव प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।
कार्यकाल पूरा होने पर भंग किए गए थे निगम
गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने बठिंडा, मोगा, पठानकोट, होशियारपुर, बटाला, मोहाली, अबोहर, बरनाला और कपूरथला नगर निगमों का 5 साल का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें भंग कर दिया था। नगर निगमों का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने चुनाव होने तक वहां प्रशासकों की नियुक्ति की हुई है। अब राज्य के बाकी निकायों में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने जा रही है, जबकि होशियारपुर और शाम चौरासी को अभी कुछ और महीनों का इंतजार करना पड़ेगा।
एक नजर: बाकी 104 निकायों का चुनाव कार्यक्रम
होशियारपुर और शाम चौरासी को छोड़कर, पंजाब के बाकी 104 स्थानीय निकायों (8 नगर निगमों सहित) के लिए चुनाव आयोग ने निम्नलिखित कार्यक्रम तय किया है:
नामांकन की शुरुआत: 13 मई
नामांकन की अंतिम तिथि: 16 मई
नामांकन पत्रों की जांच: 18 मई
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 19 मई
मतदान की तिथि: 26 मई
मतगणना (नतीजे): 29 मई








