फरीदाबाद,मथुरा रूट पर शटल ट्रेनों का विस्तार, यात्रियों को राहत

फरीदाबाद

 उत्तर रेलवे ने पलवल से कोसीकलां और मथुरा तक दो ईएमयू शटल ट्रेनों के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के बाद फरीदाबाद-पलवल रूट पर रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। ये दोनों ट्रेनें 5 मई से कोसीकलां और मथुरा तक चलना शुरू हो जाएंगी। अभी इसे अस्थाई तौर पर 31 जुलाई तक चलाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक और यात्रियों की संख्या पर इसे स्थाई रूप से चलाया जा सकता है। इन ट्रेनों के शुरू होने से कोसी और मथुरा तक सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा होगी।

इनका किया गया विस्तार
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 64016 और 64082 ईएमयू सेवाओं के विस्तार को मंजूरी दी गई है। ये दोनों ट्रेनें अभी शकूरबस्ती से पलवल और नई दिल्ली से पलवल के बीच चलती है। इन्हीं ट्रेनों को आगे कोसीकलां और मथुरा तक बढ़ाया गया है। अभी 64016 शकूरबस्ती पलवल शटल दोपहर करीब ढाई बजे शकूरबस्ती से चलती है और 4 बजकर 45 मिनट पर पलवल पहुंचकर खड़ी हो जाती है।

यही ट्रेन 64019 पलवल शकूरबस्ती बनकर रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर चलती है और रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर शकूरबस्ती पहुंचती है। जबकि नई दिल्ली से चलकर पलवल जाने वाली 64082 शटल शाम छह बजे नई दिल्ली से चलती है और रात 7 बजकर 40 मिनट पर पलवल पहुंचकर खड़ी हो जाती है। यही ट्रेन 64051 पलवल गाजियाबाद बनकर रात 11 बजकर 5 मिनट पर चलती है और रात 1 बजकर 40 मिनट पर गाजियाबाद पहुंचती है।

दैनिक यात्रियों के लिए ये जरूरत भी है और समय की मांग भी। इन ट्रेनों के चलने से हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उनका कहना है कि लंबे समय से इस तरह की सुविधा की मांग की जा रही थी।

इन ट्रेनों पर भीड़ का दबाव होगा कम
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उक्त ट्रेनों का विस्तार कोसीकलां और मथुरा तक होने से पीक आवर्स में अन्य ट्रेनों जैसे आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस और मथुरा शटल जैसी ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा। क्यों कि अभी इंटरसिटी और मेवाड़ एक्सप्रेस में दैनिक यात्रियों की भीड़ बेकाबू रहती है। सबसे बुरा हाल 12963 मेवाड़ एक्सप्रेस का होता है। क्योंकि ये ट्रेन शाम छह बजकर 25 मिनट पर निजामुद्दीन से चलती है। इसका स्टापेज बल्लभगढ़ में दिया गया है। ये ट्रेन छह बजकर 46 मिनट पर बल्लभगढ़ पहुंचती है। इस समय घर जाने वाले दैनिक यात्रियों की भीड़ अधिक होती है। कोसीकलां के सैकड़ाें यात्री इस ट्रेन के रिजर्वेशन कोच तक में घुस जाते हैं।ऐसे में रिजर्वेशन के साथ सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। कई बार तो बल्लभगढ़ स्टेशन से चढ़ने वाले रिजर्वेशन वाले यात्री भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ तक नहीं पाते।

5 हजार से अधिक यात्रियों को होगा मिलेगा फायदा
रेल अधिकारियों के मुताबिक उक्त दोनों शटल ट्रेनों का विस्तार होने से कोसीकलां और मथुरा तक सफर करने वाले पांच हजार से अधिक यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। क्याेंकि औसतन 12 कोच वाली ट्रेन में करीब 1300 यात्री एक साफ सफर कर सकते हैं। ऐसे में दोनों ट्रेनों के अप और डाउन में करीब 5200 यात्री सफर कर सकेंगे। इन दो ट्रेनों के चलने से पलवल से कोसीकलां और मथुरा स्टेशन के बीच के स्टेशनों के यात्रियों को आठ लोकल ट्रेनें मिल जाएगी। अभी तक केवल दो मथुरा शटल अप व डाउन, एक कोसीकलां शटल अप व डाउन और एक पलवल से आगरा मेमू ट्रेन चलती है।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786