CBSE का बड़ा फैसला: सेकंड बोर्ड परीक्षा का मौका, 31 मार्च तक करें आवेदन

जमशेदपुर.

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं के विद्यार्थियों को अपने प्रदर्शन में सुधार का एक अतिरिक्त अवसर प्रदान किया है। यदि किसी छात्र को अपने परिणाम को लेकर थोड़ी भी शंका है, तो वह सेकंड बोर्ड परीक्षा (विशेष परीक्षा) के लिए आवेदन कर सकता है।  बोर्ड की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार, इस परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक छात्रों को अपने-अपने स्कूलों के माध्यम से आवेदन करना होगा। इसके लिए अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।

ईमेल के जरिए बोर्ड को भेजें सूची
सीबीएसई ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इच्छुक विद्यार्थियों की सूची 31 मार्च की शाम पांच बजे तक ईमेल के माध्यम से बोर्ड को भेज दें। यह विशेष परीक्षा मई माह में आयोजित होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की परीक्षा का आयोजन सीबीएसई पहली बार कर रहा है। अब तक सप्लीमेंट्री परीक्षा के तहत छात्र केवल एक ही विषय में परीक्षा दे सकते थे, लेकिन इस नई व्यवस्था के तहत छात्र अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा देकर अपने अंकों में सुधार कर सकेंगे।

इच्छुक छात्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें
डीएवी बिष्टुपुर की प्रिंसिपल प्रज्ञा सिंह और जेपीएस बारीडीह की प्रिंसिपल नमिता अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में विद्यार्थियों को सूचित कर दिया गया है और इच्छुक छात्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर रहे हैं। यह विशेष परीक्षा केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए होगी, जिन्होंने पहली बोर्ड परीक्षा दी है। स्कूलों द्वारा ही छात्रों की सूची (List of Candidates – LOC) तैयार कर बोर्ड को भेजी जाएगी। इसके माध्यम से बोर्ड को पहले से यह जानकारी मिल सकेगी कि कितने छात्र और किन-किन विषयों में परीक्षा देना चाहते हैं। 

शेड्यूल की मुख्य बातें
सीबीएसई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण के मुख्य परिणाम घोषित होने के अगले दिन से पांच दिनों तक छात्रों को परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। इसी अवधि में स्कूलों को छात्रों की सूची (LOC) और शुल्क बोर्ड को भेजना होगा।  यदि कोई स्कूल निर्धारित समयसीमा में यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाता है, तो परिणाम घोषित होने के सातवें दिन से अगले दो दिनों तक विलंब शुल्क के साथ यह कार्य किया जा सकेगा।

सीबीएसई के प्रमुख निर्देश

  1. सभी पास और योग्य छात्र अपने प्रदर्शन को सुधारने के लिए साइंस, मैथ्स, सोशल साइंस और भाषाओं में से अधिकतम तीन विषयों में सेकंड बोर्ड परीक्षा दे सकते हैं।
  2. जिन छात्रों ने पहली परीक्षा में तीन या अधिक विषयों में भाग नहीं लिया है, वे इस विशेष परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। ऐसे छात्र केवल अगले वर्ष फरवरी में आयोजित मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। 
  3. जिन छात्रों का परिणाम कंपार्टमेंट आया है, वे सेकंड परीक्षा में कंपार्टमेंट श्रेणी के तहत शामिल हो सकते हैं।
  4. सेकंड परीक्षा के लिए LOC में नए नाम जोड़े नहीं जा सकते।
  5. विषय परिवर्तन केवल बोर्ड की निर्धारित नीति (विशेषकर गणित विषय के मामले में) के अनुसार ही संभव होगा।
  6. छात्र की व्यक्तिगत जानकारी में कोई बदलाव सेकंड परीक्षा के दौरान स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सीबीएसई की यह पहल छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है, जिससे वे बिना एक साल गंवाए अपने अंकों में सुधार कर सकेंगे।

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786